ईएसआईसी द्वारा 75वां स्थापना दिवस उत्साह से मनाया गया

    25-Feb-2026
Total Views |

BFBG
बिबवेवाडी, 24 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर 24 फरवरी को ईएसआईसी अस्पताल, बिबवेवाड़ी, पुणे के प्रांगण में ईएसआईसी अस्पताल एवं उप क्षेत्रीय कार्यालय, बिबवेवाड़ी के संयुक्त तत्वाधान में भव्य और गरिमामय समारोह आयोजित किया गया. यह आयोजन निगम की 75 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा, सामाजिक सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान को समर्पित था. समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, प्रशासनिक कर्मचारी, बीमित व्यक्ति, पेंशनधारक, नियोक्ता प्रतिनिधि, ईएसआईसी स्थानीय समिति सदस्य, ईएसआईसी अस्पताल विकास समिति सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे. मुख्य अतिथियों में अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) प्रदीप गायकवाड, सहायक चिकित्सा अधीक्षक डॉ.नीना, संजय कुमार शर्मा (उप निदेशक, प्रभारी, एसआरओ पुणे), अनंत कुमार वर्मा (उप निदेशक, प्रशासन), राकेश कुमार सिंह (सहायक निदेशक) और अस्पताल विकास समिति के सदस्य दिलीप सुखदेव बटवाल (नियोक्ता प्रतिनिधि), अर्जुनदेव चव्हाण (कर्मचारी प्रतिनिधि, सचिव, भारतीय मजदूर संघ) एवं वसंत पवार (कर्मचारी प्रतिनिधि, सचिव, सीटू) शामिल थे. ईएसआईसी स्थानीय समिति के सदस्य सुनील शिंदे (कर्मचारी प्रतिनिधि, सचिव, राष्ट्रीय मजदूर संघ), दत्तात्रेय खालिपे (नियोक्ता प्रतिनिधि) और सत्यवान फडतरे उपस्थित थे. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ और अध्यक्षता अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) प्रदीप गायकवाड ने की. अपने संबोधन में उन्होंने ईएसआईसी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य और श्रमिक वर्ग को सुलभ, किफायती और समग्र चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की. संजय शर्मा ने ईएसआईसी द्वारा प्रदान किए जाने वाले लाभ और सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी. अनंत कुमार वर्मा ने पिछले सात दशकों में ईएसआईसी में हुए गुणात्मक सुधारों पर प्रकाश डाला और सभी हितधारकों, विशेषकर कर्मचारियों की समर्पित भूमिका की आवश्यकता पर जोर दिया. सुनील शिंदे, दिलीप बटवाल और अर्जुनदेव चव्हाण ने भी उपस्थित लोगों को ईएसआईसी के लाभ और पिछले दशक में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी. उन्होंने ईएसआईसी अस्पताल के कर्मचारियों की समर्पित सेवा की सराहना की, जिसने लगातार तीन वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया. डॉ. नीना ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी और बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन, अधोसंरचना विस्तार, अत्याधुनिक उपकरणों की स्थापना और शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इस अवसर पर बीमित व्यक्ति, पेंशनधारक और नियोक्ता प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया. स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. 40 वर्ष से अधिक आयु वाले बीमित व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया. कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से हुआ और धन्यवाद ज्ञापन के साथ समापन हुआ,जो ईएसआईसी की सेवा और सामाजिक सुरक्षा की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ.