प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लाॅन्ड्रिंग मामले में रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने मुंबई स्थित 17 मंजिला आलीशान आवास ‘एबाेड’ काे अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है. यह कार्रवाई अनिल अंबानी की ग्रुप कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े कथित बैंक धाेखाधड़ी मामले में की गई है. इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 3,716.83 कराेड़ रुपये बताई गई है. आधिकारिक सूत्राें केअनुसार, मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित 66 मीटर ऊंची इस लग्जरी इमारत के खिलाफ धन शाेधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अस्थायी अटैचमेंट आदेश जारी किया गया है.
इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक जब्त की गई कुल संपत्तियाें का मूल्य लगभग 15,700 कराेड़ रुपये पहुंच गया है. 66 साल के अनिल अंबानी से इस मामले में दूसरी बार पूछताछ की तैयारी है.अगस्त 2025 में वे पहली बार ईडी के सामने पेश हुए थे, जहां पीएमएलए के तहत उनका बयान दर्ज किया गया था.यह अटैचमेंट आरकाॅम में कथित वित्तीय अनियमितताओं और कर्ज की हेराफेरी से जुड़ी व्यापक जांच का हिस्सा है. ईडी की यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा दर्ज दाे एफआईआर के बाद हुई है.