कोंढवा, 25 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) फाल्गुन मास के पावन अवसर पर श्री खाटू धाम पुणे में 27 एवं 28 फरवरी 2026, शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय भव्य फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इस संबंध में जानकारी श्री खाटू धाम पुणे ट्रस्ट द्वारा दी गई है. आयोजन को लेकर भक्तों में उत्साह का वातावरण है और हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना व्यक्त की गई है. ट्रस्ट के अनुसार फाल्गुन शुक्ल एकादशी और द्वादशी का बाबा श्याम के भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व है. धार्मिक मान्यता है कि इन शुभ तिथियों पर बाबा अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. इसी कारण इन दोनों दिनों मंदिर परिसर में विशेष श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहता है. 27 फरवरी, शुक्रवार को एकादशी के दिन दोपहर 4 बजे से मंदिर प्रांगण में भव्य भजन संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा. इंदौर से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक शुभम राणा तथा पुणे के संगम पांडे अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे. कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली, धूमाल, इत्र वर्षा और विशाल महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है. संपूर्ण मंदिर परिसर को मेले के स्वरूप में भव्य सजावट से सजाया जाएगा तथा बाबा का विशेष और आकर्षक श्रृंगार दिल्ली से मंगवाया जाएगा. 28 फरवरी, शनिवार को द्वादशी के अवसर पर दोपहर 3 बजे से गंगाधाम स्थित गोयल गार्डन परिसर में श्री कन्हैया आगीवाल की वाणी में एक भक्त और भगवान की अमर गाथा नानी बाई का मायरा का मंचन नृत्य नाटिका के साथ किया जाएगा. इस आयोजन में भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. आयोजन स्थल श्री खाटू धाम पुणे, आशापुरा माता मंदिर, गंगाधाम के पीछे, कोंडवा, पुणे में स्थित है. अधिक जानकारी के लिए 9822251887 पर संपर्क किया जा सकता है.