चंद्रशेखर धुरी वसई-विरार मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष बने

पहली सभा में वसई-विरार के विकास और स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने का लिया संकल्प

    27-Feb-2026
Total Views |

bdNg 
वसई, 26 फरवरी (वि.प्र.)

वसई-विरार महानगर पालिका (वीवीएमसी) की पहली साधारण सभा में राजनीतिक गहमागहमी के बीच वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर धुरी को स्थायी समिति का अध्यक्ष चुना गया है. दशकों तक नवघर ग्राम पंचायत के सरपंच रहे धुरी की नियुक्ति को बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) द्वारा उनके अनुभव और निष्ठा के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है. चंद्रशेखर धुरी, जो कभी भाजपा के समर्थक थे, हितेंद्र ठाकुर के विकास कार्यों से प्रभावित होकर आघाडी में शामिल हुए थे. पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने विपरीत लहर के बावजूद वसई क्षेत्र में पार्टी को धमाकेदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. धुरी के साथ ही समिति के 15 अन्य सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई, जिनमें प्रवीण शेट्टी, नरेंद्र पाटिल और पंकज पाटिल जैसे अनुभवी चेहरे शामिल हैं. बैठक के दौरान सदन में खेल जगत की उपलब्धि पर भी गर्व व्यक्त किया गया. अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान और विरार के लाड़ले आयुष म्हात्रे के लिए ग्रुप लीडर प्रवीण शेट्टी ने बधाई प्रस्ताव पेश किया. सदन ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए आयुष की सफलता को शहर के लिए गौरव का क्षण बताया. प्रशासनिक नियुक्तियों की कड़ी में प्रफुल्ल जगन्नाथ सनी को सदन का नेता और मनोज गोपाल पाटिल को विपक्ष का नेता चुना गया है. इस महत्वपूर्ण बैठक में नवनिर्वाचित महापौर अजीब यशवंत पाटिल, उप महापौर मार्शल लोपीस और आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. यह पहली सभा इस संकेत के साथ संपन्न हुई कि आने वाले समय में वसई- विरार के विकास और स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी.