10वां अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह सम्मेलन 13 मार्च से

चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों समेत 2,000 प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे

    28-Feb-2026
Total Views |

 bdgnbg
डेक्कन, 27 फरवरी (आ.प्र.)

चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट द्वारा पुणे में 13 से 15 मार्च 2026 के दौरान 10वें अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह सम्मेलन - 2026 (इंटरनेशनल डायबिटीज समिट) का आयोजन किया गया है. इस सम्मेलन का उद्देश्य मधुमेह और उससे उत्पन्न होने वाले खतरों एवं जटिलताओं से निपटने के लिए उचित उपायों की जानकारी साझा करना है. बताया गया कि, इस सम्मेलन का उद्घाटन महाराष्ट्र चिकित्सा परिषद (मुंबई) के प्रशासक, केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन के सदस्य और थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. विंकी रूघवानी के हाथों होगा. सम्मेलन में मधुमेह की जटिलताओं का प्रबंधन, किफायती दर पर उपचार, नए शोध और मधुमेह प्रबंधन में तकनीक की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मधुमेह, तथा मधुमेह प्रबंधन में फैटी लिवर जैसे विषयों पर कार्यशालाएं, साथ ही एंडोक्रिनोलॉजी और महिला स्वास्थ्य पर परिसंवाद भी आयोजित किए जाएंगे. इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ-साथ 70 से अधिक प्रसिद्ध भारतीय विशेषज्ञ संवाद करेंगे और 2,000 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे. लाल चेलाराम (अध्यक्ष, संस्थान) ने कहा कि संस्थान उपचार, अनुसंधान, शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से मधुमेह का सामना करने में अग्रणी रहा है. विंग कमांडर (डॉ.) हर्षल मोरे (सेवानिवृत्त), मुख्य चिकित्सा निदेशक ने कहा कि मधुमेह की जटिलताओं से लड़ने के लिए संस्थान हमेशा तत्पर है.  
 
रन फॉर डायबिटीज और जीवन गौरव पुरस्कार

 इस सम्मेलन के उपलक्ष्य में चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट और ब्लू सर्कल फाउंडेशन द्वारा 15 मार्च को 3 किमी और 5 किमी की मैराथन आयोजित की जाएगी, जिसमें टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों सहित 500 प्रतियोगी भाग लेंगे. स्वीडन के कैरोलिंस्का इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर और मॉलिक्यूलर मेडिसिन सेंटर में डायबिटीज इम्यूनोलॉजी शोध समूह के प्रमुख डॉ.करानी बी.संजीवी को जीवनगौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.  
 
प्रख्यात विशेषज्ञ उपचार पद्धतियों पर मार्गदर्शन करेंगे

चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट के सीईओ डॉ. उन्नीकृष्णन ए.जी.ने कहा कि, इस सम्मेलन में प्रख्यात विशेषज्ञ मधुमेह उपचार पद्धतियों पर मार्गदर्शन करेंगे. इस माध्यम से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों के मधुमेह प्रबंधन में सुधार करने में मदद मिलेगी.