रावेत, 27 फरवरी (आ.प्र.)
वाल्हेकरवाड़ी के चिंतामणि मंदिर क्षेत्र में निःशुल्क दवाइयों के साथ निः शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया. गुरु नानक साई सेवा ट्रस्ट आकुर्डी द्वारा पिंपरी-चिंचवड़ मनपा के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से हिंद-दी-चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को नागरिकों से अच्छा प्रतिसाद मिला. यह पहल हिंद दी चादर की भावना से प्रेरित होकर समाज सेवा और जन स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी. सुबह से ही नागरिकों की भीड़ शिविर स्थल पर उमड़ पड़ी थी. विभिन्न बीमारियों की जांच, रक्तचाप और मधुमेह की जांच के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई. शिविर में पात्र मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं. उपस्थित डॉक्टरों और चिकित्सा दल ने नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर दिया. वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं ने इस पहल का विशेष लाभ उठाया. इस अवसर पर आयोजकों ने शहर स्वास्थ्य विभाग की टीम, सभी डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और समर्थकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. शिविर कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्थानीय नागरिकों को विशेष बधाई दी गई. गुरु नानक साई सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष कमलजीत सिंह मेहता ने कहा कि, समाज और समुदाय के कल्याण के लिए सेवा करना हमारा लक्ष्य है और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.