पुणे, 27 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पुणे विभाग के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी डॉ. विनोद गायकवाड ने पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके), सोलापुर और पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके), पंढरपुर के कामकाज की समीक्षा की और इन केंद्रों पर पासपोर्ट आवेदकों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के लिए, 23 और 24 फरवरी को इन केंद्रों का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान, डॉ. गायकवाड ने इन केंद्रों पर अपॉइंटमेंट प्रबंधन, दस्तावेज सत्यापन, आवेदकों को दी जा रही सुविधाओं तथा बुनियादी ढांचे समेत परिचालन संबंधी मुख्य आयामों की समीक्षा की. उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत की और सोलापुर एवं आसपास के जिलों के नागरिकों को समय पर, कुशल और पारदर्शी सेवाएं देने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की. डॉ. गायकवाड ने कई आवेदकों से बात किया और आवेदन प्रक्रिया तथा सेवा केंद्रों पर मौजूद सुविधाओं को लेकर उनके अनुभव के आधार पर उनसे सीधे फीडबैक लिया. उन्होंने दक्षता, पेशेवर व्यवहार और नागरिक अनुकूल दृष्टिकोण के उच्चतर मापदंडों को बनाए रखते हुए, बिना किसी रुकावट और परेशानी के सेवाएं देते रहने के लिए टीम को प्रोत्साहित किया. पासपोर्ट सेवा केंद्र, सोलापुर और पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र, माढा के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. गायकवाड ने कहा कि इन केंद्रों ने नागरिकों, खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं के लिए पुणे आने की जशरत को काफी कम कर दिया है. इससे समय और धन की बचत होती है तथा सेवाएं, नागरिकों के लिए ज्यादा सुलभ हुई हैं. इसके साथ ही, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की पहुंच का भी विस्तार हुआ है. अपने इस दौरे के दौरान, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने सोलापुर के पुलिस कमिश्नर, एम. राज कुमार से भी मुलाकात की. इस बैठक में पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट (पीवीआर) प्रक्रिया को और आसान बनाने पर जोर दिया गया. पासपोर्ट सेवा केंद्र परिसर की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों और अनाधिकृत एजेंटों/दलालों के खतरे के खिलाफ लगातार और मिलकर कार्रवाई की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई.