बाड़मेर में एक खेत में जमीन से क्रूड ऑयल निकल रहा है. पिछले 4 दिन से निकल रहे क्रूड ऑयल काे एक गड्डे में भरा जा रहा है, जिससे अब तक 55 से ज्यादा टैंकर भरे जा चुके हैं. जहां पर क्रूड ऑयल निकल रहा है, वहां से करीब 40 मीटर दूरी पर ऐश्वर्या वेटलैंड (तेल का कुआं) है.अधिकारियाें काे इसकी पाइपलाइन में लीकेज का शक है, जिसे ढूंढ़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. माैके पर केयर्न वेदांता कंपनी के अफसर माैजूद है. लाेगाें का कहना है कि यहां 24 फरवरी काे ब्लास्ट भी किया गया था, जिससे घराेंऔर स्कूल में दरारें आ गई. मामला कवास गांव का है.विधानसभा में बाड़मेर विधायक प्रियंका चाैधरी और बायतु विधायक हरीश चाैधरी ने यह मुद्दा उठाया.
दरअसल, 23 फरवरी काे दाेपहर 12 बजे किसान हरजीराम खाेथ के खेत में अचानक जमीन से क्रूड ऑयल निकलना शुरू हाे गया. देखते ही देखते खेत के एक हिस्से में तेल फैल गया. सूचना पर कंपनी के इंजीनियर्स की एक टेक्निकल टीम माैके पर पहुंची. जहां क्रूड ऑयल निकल रहा है, वहां मशीनाें से करीब 100 मीटर लंबी खाई खाेदकर एक रास्ता बनाया गया है, जिससे तेल का बहाव उसके जरिए एक गड्डे तक पहुंचाया जा रहा है.इसके बाद गड्डे से टैकराें से तेल काे भरकर दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है. ग्रामीणाें का आराेप है कि कंपनी क्रूड ऑयल प्राेडक्शन के लिए ब्लास्ट करती है. इससे हमारे घराें में दरारें आ रही है. 24 फरवरी की रात काे अचानक तेज ब्लास्ट हाेने से जमीन में कंपन हाे गया. ऐसे लगा जैसे भूकंप आ गया. डर के मारे घराें से बाहर निकले. स्कूल, घराें में दरारें आ गई थी.