तिलक महाराष्ट्र विद्यापीठ में ‌‘टीएमवी सिनेफेस्ट 'का आयोजन

रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 4 फरवरी : महोत्सव 10 से 14 फरवरी तक चलेगा

    04-Feb-2026
Total Views |

bfb 
मुकुंदनगर, 3 फरवरी (आ. प्र.)
तिलक महाराष्ट्र विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से टीएमवी सिनेफेस्ट नामक भव्य लघु फिल्म (शॉर्ट फिल्म) महोत्सव का आयोजन किया गया है. यह महोत्सव 10 से 14 फरवरी 2026 की अवधि के दौरान वेिशविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा. इसके लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करने की अंतिम तिथि बुधवार, 4 फरवरी है. महोत्सव की शुरुआत मराठी फिल्म मैच फिक्सिंग की विशेष स्क्रीनिंग के साथ होगी. पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में नव-निर्मित आधुनिक प्रिव्यू थिएटर में महोत्सव का उद्घाटन ‌‘मैच फिक्सिंग' फिल्म के मुख्य अभिनेता संदीप कुलकर्णी के हाथों संपन्न होगा. इसके बाद के सभी कार्यक्रम इसी थिएटर में आयोजित किए जाएंगे. बताया गया कि महोत्सव के पहले दिन विभिन्न चयनित लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी. इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन फिल्म जगत के प्रसिद्ध निर्देशकों, संपादकों (एडिटर्स), छायाकारों (सिनेमैटोग्राफर्स) और संगीतकारों की उपस्थिति रहेगी, जिनके मार्गदर्शन में विशेष कार्यशालाओं (वर्कशॉप) का आयोजन किया गया है. इन कार्यशालाओं के माध्यम से छात्रों और उभरते फिल्मकारों को फिल्म उद्योग का प्रत्यक्ष अनुभव, तकनीकी कौशल और उचित मार्गदर्शन प्राप्त होगा. इस महोत्सव की एक अन्य विशेषता एक उत्कृष्ट मराठी फिल्म का विशेष प्रिव्यू प्रदर्शन है, जिससे दर्शकों को उच्च स्तरीय सिनेमा का अनुभव मिलेगा. ऐसे इच्छुक प्रतिभागी जिनके पास लघु फिल्म उपलब्ध नहीं है, लेकिन वे फिल्म जगत की कार्यशालाओं में भाग लेना चाहते हैं, उनके लिए भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है. केवल कार्यशालाओं के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 फरवरी है. फिल्म क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों और नए कलाकारों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है. ये कार्यशालाएं फिल्म जगत के दिग्गज और अनुभवी व्यक्तियों के मार्गदर्शन में आयोजित की जाएंगी. इसके लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये रखा गया है.  
 
आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे

टीएमवी सिनेफेस्ट के अंतर्गत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है, जिसमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म-7,000 रुपये, सर्वश्रेष्ठ संपादक-5,000 रुपये और सर्वश्रेष्ठ छायाकार (सिनेमैटोग्राफर) को 3,000 रुपये मिलेंगे.