सोलापूर, 4 फरवरी (वि.प्र.) मध्य रेलवे के सोलापूर मंडल ने मालवाहतूक परिचालन में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया है. सोलापूर जिले में स्थित आईओसीएल पाकणी साइडिंग ने जनवरी 2026 तक पेट्रोलियम उत्पादों के 301 रेक लोड करने का गौरव हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ रेलवे ने 44.2 करोड़ रुपये का मजबूत मालभाड़ा राजस्व अर्जित किया है. ऐतिहासिक सफर और प्रमुख गंतव्य पाकणी साइडिंग पर लोडिंग का कार्य 28 जनवरी 2025 को शुरू हुआ था, जिसने एक साल के भीतर शानदार प्रदर्शन किया है. यहाँ से मुख्य रूप से हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) और मोटर स्पिरिट (एमएस) जैसे उत्पादों की आपूर्ति कर्नाटक के हिरेनंदुरू, देसूर, विजयपुरा, नवलूर; महाराष्ट्र के मिरज और तेलंगाना के रामगुंडम जैसे प्रमुख स्टेशनों तक की जा रही है. पाइपलाइन और लॉजिस्टिक नेटवर्क इस सफलता के पीछे कोयाली-अहमदनगरसोलापूर पाइपलाइन (कासपीएल) की अहम भूमिका है. 752 किमी लंबी यह पाइपलाइन वडोदरा की कोयाली रिफायनरी से पाकणी डिपो तक सीधे इंधन पहुँचाती है, जहाँ से रेल रेक के माध्यम से सुरक्षित और तीव्र वितरण सुनिश्चित किया जाता है. यह सुविधा महाराष्ट्र की पहली और भारत की 9वीं विशेष मार्केटिंग रेक-लोडिंग साइट है. सोलापूर मंडल की यह प्रतिबद्धता न केवल राजस्व बढ़ा रही है, बल्कि पड़ोसी राज्यों के आर्थिक विकास और ईंधन सुरक्षा में भी बड़ा योगदान दे रही है.