कासणे (भिवंडी), 5 फरवरी (वि.प्र.) वर्ष 1980 में स्थापित पंजीकृत संस्था अमर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा 77वें भारतीय गणतंत्र दिवस के अवसर पर 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था. यह प्रतियोगिता 23 से 26 जनवरी के दौरान संपन्न हुई, जिसमें भिवंडी में 40 प्लस एसोसिएशन की 32 टीमों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में ठाकुरपाड़ा 40 प्लस टीमो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि करिवली 40 प्लस टीम द्वितीय स्थान पर रही. गणतंत्र दिवस के अवसर पर अमर क्रीड़ा मंडल द्वारा जिला परिषद स्कूल, कासणे के विद्यार्थियों को कैरम, शतरंज, लूडो, बैडमिंटन सामग्री एवं रस्सी कूद जैसे खेल साहित्य का वितरण किया गया.साथ ही डॉ.सोन्यादादा पाटिल, अध्यक्ष, सोशल वेल्फेयर ट्रस्ट के हस्ते शैक्षणिक सामग्री का भी वितरण किया गया. इस कार्यक्रम के अंतर्गत कासणे गांव के विभिन्न शासकीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया. इनमें ज्ञानेश गोपीनाथ पाटिल (सेंट्रल रेलवे मोटरमैन), डॉ. अविनाश शेलके, डॉ. प्रांजल सुतार, डॉ. जागृति वारघाडे, डॉ. सतीश वरघड़े, साइकिल खिलाड़ी आशीष भोईर, बॉडीबिल्डर वैभव भोईर, क्लस्टर मैनेजर नयन गोंधली तथा सरकारी ठेकेदार अभय भोईर शामिल थे. इस अवसर पर भिवंडी विधायक शांताराम मोरेजी, पूर्व विधायक पांडुरंग बारोराजी, आगरी सेना प्रमुख राजाराम साल्वीजी, शिवसेना नेता प्रकाश पाटील एवं सोन्यादादा पाटील, जिल्हा प्रमुख वेिशास थलेजी, देवानंद थलेजी, अनिल निवडेजी, शिवाजीशेठ अधिकारी, 40 प्लस एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष कुंदन पाटील, सचिव श्री जोशी, अमर स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारी तथा कासणे गांव के सरपंच एवं उपसरपंच उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष रामदास शेलके ने छत्रपति शिवाजी महाराज एवं डॉ.बाबासाहेब आंबेडकर को नमन किया, सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं उपस्थित मान्यवरों का आभार व्यक्त किया तथा आगामी सामाजिक उपक्रमों के लिए निरंतर सहयोग की अपील की.