पुणे, 5 फरवरी (आ.प्र.) पूना कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स के गणित विभाग एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा आईक्यूएसी के सहयोग से 23 व 24 जनवरी 2026 को दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन उत्सव ‘डेटा मैथ फेस्ट 2026' का सफल आयोजन किया गया. यह आयोजन कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. इकबाल शेख एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अमजद शेख के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. इस उत्सव का उद्देश्य गणित, सांख्यिकी और डेटा अनुप्रयोगों के बीच आपसी संबंध को सुदृढ़ करना तथा छात्रों में विश्लेषणात्मक सोच, रचनात्मकता, टीमवर्क और प्रभावी संप्रेषण कौशल को विकसित करना था. इस कार्यक्रम के माध्यम से डेटा एनालिटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में गणितीय एवं सांख्यिकीय उपकरणों की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया गया. उत्सव के अंतर्गत सेमिनार प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, गणित के मजेदार खेल, डेटा विजुअलाइजेशन, केस स्टडी प्रतियोगिता तथा सांख्यिकी आधारित खेल (माध्य-माध्यिका- बहुलक दौड़ और रुबिक क्यूब चैलेंज) जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इस आयोजन में सर परशुरामभाऊ कॉलेज, सरहद कॉलेज, फर्ग्यूसन कॉलेज, देवगिरी कॉलेज (छत्रपति संभाजीनगर) सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. गणित विभाग की प्रतियोगिताओं में कुल 162 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें प्रश्नोत्तरी में 42, सेमिनार में 14 तथा गणितीय खेलों में 33 विद्यार्थियों की सहभागिता रही. वहीं, सांख्यिकी विभाग के कार्यक्रमों में 67 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें डेटा विजुअलाइजेशन में 21, केस स्टडी में 10, माध्य- माध्यिका-बहुलक दौड़ में 26 तथा रुबिक क्यूब चैलेंज में 10 विद्यार्थी शामिल रहे. प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन स्वरूपकुमार भालके (अन्नासाहेब अवाटे कॉलेज, मंचर), शशिकांत वाघुले (एमआईटी एडीटी वेिशविद्यालय, पुणे) तथा सुनील होवाल (फर्ग्यूसन कॉलेज, पुणे) जैसे प्रतिष्ठित शिक्षाविदों द्वारा किया गया. प्रश्नोत्तरी सत्र का संचालन इस्मत शेख ने किया. गणित विभाग की प्रतियोगिताओं का समन्वय शाहीन खान, इस्मत शेख, मुबीन अंसारी एवं आयशा बानेकर ने किया, जबकि सांख्यिकी विभाग के कार्यक्रमों का नेतृत्व प्रशांत शाहणे ने किया. युसरा खान और जुबेर शेख ने डेटा विजुअलाइजेशन एवं केस स्टडी प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया.सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि डॉ. संतोष धोत्रे (एसोसिएट प्रोफेसर, गणित विभाग, सावित्रीबाई फुले पुणे वेिशविद्यालय) के हाथों सम्मानित किया गया. उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए छात्रों को गणित और सांख्यिकी के माध्यम से नवाचार एवं वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु प्रेरित किया. उत्सव का समग्र समन्वय विभागाध्यक्ष डॉ. अमजद शेख, मुनजरीन सज्जन एवं प्रशांत शाहणे के निरंतर प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.