मुंबई, 6 फरवरी (आ. प्र.) भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने गुरुवार को वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में अपने मुनाफे में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की. कर राहत के चलते बीमा उत्पादों की खुदरा मांग बढ़ने से प्रीमियम संग्रह में इजाफा हुआ है. 31 दिसंबर को समाप्त तीन महीनों के लिए एलआईसी का शुद्ध लाभ बढ़कर 129.58 अरब रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 110.56 अरब रुपये था. सरकार द्वारा व्यक्तिगत जीवन बीमा उत्पादों पर 18 प्रतिशत कर समाप्त किए जाने के फैसले से पॉलिसियां सस्ती हुईं, जिससे मांग में तेजी आई्. एलआईसी की शुद्ध प्रीमियम आय 17.5 प्रतिशत बढ़कर 1.26 लाख करोड़ रुपये हो गई्. एकमुश्त प्रीमियम में 30.5 प्रतिशत और प्रथम वर्ष के प्रीमियम में 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई्. वार्षिक प्रीमियम समतुल्य बिक्री तिमाही के दौरान 50.5 प्रतिशत बढ़कर 149.73 अरब रुपये हो गई्. नए कारोबार का मूल्य (वीएनबी) 65 प्रतिशत बढ़कर 31.77 अरब रुपये हो गया. कंपनी उच्च मार्जिन वाली पॉलिसियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे उसके मार्जिन में लगातार सुधार हुआ है. दिसंबर में समाप्त नौ महीनों के लिए वीएनबी मार्जिन बढ़कर 18.8 प्रतिशत हो गया. वहीं, सॉल्वेंसी अनुपात भी बढ़कर 2.19 पर पहुंच गया.