टी-20 वेिशकप क्रिकेट : पहले मैच से गौतम की चिंता हुई गंभीर

    09-Feb-2026
Total Views |

hbgngn


मुंबई, 8 फरवरी :-

वानखेड़े स्टेडियम में टी-20 वेिशकप क्रिकेट के पहले मैच में शनिवार को भारतीय क्रिकेटप्रेमियों की निगाहें अमेरिकी टीम में भारत से आयातित खिलाड़ियों को तौल रहीं थीं लेकिन सुर्खियां तो दक्षिण अफ्रीका से इम्पोर्ट हुए लेकिन अब अमेरिकी बन चुके शैडली वैन शाल्कविक ने लूटीं. उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत घुटने पर आ चुकी भारतीय टीम कई हिचकोलों के बाद भले ही 29 रन से जीत गई लेकिन कोच गौतम गंभीर की चिंता जरूर बढ़ गई. अनुशासित अमेरिकी बॉलिंग, मुश्किल पिच और गलत शॉट सिलेक्शन की वजह से टॉप ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया था, जिससे पहले बैटिंग करते हुए मेजबान टीम 77 रन पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल में पहुंच चुकी थी. शाल्कविक ने पॉवरप्ले के आखिरी और अपने पहले ही ओवर तीन विकेट लेकर भारतीय कैम्प में हड़कंप मचा दिया. वानखेड़े स्टेडियम की बल्लेबाजों का स्वर्ग कही जानेवाली पिच से अमेरिकी गेंदबाजों ने जिस तरह पहली गेंद से मदद पाई उससे हर कोई हतप्रभ था. अभिषेक पहली ही गेंद पर स्टेडियम के दर्शकों को निराश कर गए तो ईशान किशन अपनी लय नहीं पकड़ पा सके. तिलक वर्मा,शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या कुछ समझने से पहले ड्रेसिंग रूम लौट गए. दो जीवनदान का फायदा लेकर सूर्यकुमार ने एक छोर संभाले रखा था और उसी वजह से वे अक्षर पटेल के साथ मिलकर पारी को सम्मानजनक स्कोर (161) तक पहुंचा सके. भारतीय पारी में लगनेवाले 18 चौके और 7 छक्कों में से 10 चौके और चार छक्के सूर्यकुमार के थे. सूर्या ने एक अहम मौके पर अपना रुख बदला और शॉट्स की झड़ी लगा दी. लगभग 10वें ऑफ स्टंप्स से गेंद पर ऑन-साइड पर स्क्वायर के ऊपर या पीछे स्कूप कर उन्होंने दर्शनीय शॉट्स मारे. इसी वजह से आखिरी 5 ओवर में 67 रन बने. टी-20 टीम में वापसी कर रहे मोहम्मद सिराज ने जल्दी-जल्दी दो विकेट लिए, जिससे चौथे ओवर में अमेरिका का स्कोर 13/3 हो गया लेकिन मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजन ने टारगेट का अंतर कम कर दिया था. अर्शदीप और सिराज के शुरुआती झटके के बाद, उनके साथियों ने यह पक्का किया कि अमेरिकियों पर जशरी दबाव बना रहे. मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने थोड़ी देर के लिए अच्छा खेला और रंजन ने आखिर में कुछ तेजी दिखाई, लेकिन अमेरिका ने सिर्फ 132 रन बनाकर आठ विकेट खो दिए, जिससे भारत 29 रनों से जीत गया. भारत को अंक के साथ यह एक शुरुआती चेतावनी जरूर मिल गई है. टी20 वेिशकप में उलटफेर वाला परिणाम पहले दिन तो नहीं लेकिन दूसरे दिन यह लगभग हो ही गया था लेकिन आखिरी ओवर में 10 रन की चुनौती को इंग्लैंड ने दरकिनार कर दिया.
नेपाल ने इंग्लैंड को अंतिम गेंद तक रोके रखा
टी20 वेिशकप में उलटफेर वाला परिणाम पहले दिन तो नहीं लेकिन दूसरे दिन यह लगभग हो ही गया था लेकिन आखिरी ओवर में 10 रन की चुनौती को इंग्लैंड ने दरकिनार कर दिया. रविवार यहां मुंबई में नेपाल ने क्रिकेट के जनक इंग्लैंड को एक रोमांचक मैच में अंतिम गेंद तक रोके रखा और अंत में इंग्लैंड को 4 रन से विजय मिली. सबसे बड़ा उलटफेर होते होते राह गया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर इंग्लैंड से भिड़ंत में हिमालय की ऊंचाई दिखाते हुए नेपाल ने कई रोमांचक मोड़ से गुजरते हुए अपने 20 हजार समर्थकों में हिलोरें ला दिए थे. 12 गेंद में उसे जीत के लिए 24 रन चाहिए थे जो 6 गेंद में 10 तक आ गया लेकिन वह 4 रन दूर रह गया. नेपाल के खिलाफ मैच में इंग्लैंड टीम की खराब शुरुआत देखने को मिली थी, जिसके बाद जैकब बेथल और हैरी ब्रूक के बल्ले से शानदार अर्धशतकीय पारी देखने को मिली, जिसके दम पर इंग्लैंड की टीम 20 ओवर्स में 184 रन बनाने में कामयाब रही. इससे पूर्व दूसरे दिन के पहले मैच में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया.