युद्ध की स्थिति से कुछ दुकानाें में बुलियन सोने की बुकिंग भी बंद

सर्राफ एसोसिएशन के अध्यक्ष फतेचंद रांका ने सोने के भावों के बारे में दी महत्वपूर्ण जानकारी

    01-Mar-2026
Total Views |
 
bgfvdnh
लक्ष्मी रोड, 28 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

इजरायल और ईरान-अमेरिका के बीच शनिवार (28 फरवरी) युद्ध शुरू हो गया. जिसका सीधा और तत्काल असर पुणे में सर्राफा बाजार में दिखा. युद्ध की स्थिति से शनिवार (28 फरवरी) दोपहर के बाद सोने और चांदी की कीमतों में अचानक उछाल आया है. ग्राहकों के लिए आभूषण खरीदना संभव है, लेकिन सोने और चांदी की उपलब्धता न होने के कारण कई सर्राफा व्यापारियों ने बुलियन (बिस्कुट/सिक्के) की बिक्री बंद कर दी है. सर्राफ एसोसिएशन के अध्यक्ष फतेचंद रांका ने जानकारी दी है कि बुलियन के रूप में सोने की बुकिंग भी फिलहाल रोक दी गई है. उन्होंने आगे कहा कि युद्ध जैसी स्थिति के कारण सर्राफा बाजार के कुछ व्यापारियों ने बुलियन सोने की बुकिंग बंद कर दी है, लेकिन आम ग्राहकों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है. रांका ने यह संभावना भी जताई है कि यदि युद्ध रुक जाता है, तो कीमतों में फिर से गिरावट आ सकती है. रांका ने कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच शुरू हुए युद्ध शुरू होने के कारण सर्राफा बाजार में कुछ जगहों पर बुलियन सोना उपलब्ध नहीं है. इन धातुओं की कीमतें पिछले कुछ महीनों से बहुत तेजी से बढ़ी थीं. लेकिन यह एक अस्थायी बुलबुला था. चांदी की कीमतें 4 लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो से घटकर ढाई लाख रुपये तक नीचे आई वहीं सोने के दाम भी गिरे. मूल्य वृद्धि का यह जो गुब्बारा बना है, यदि युद्ध रुक जाता है और चारों ओर फैली यह अनिश्चितता समाप्त हो जाती है, तो हर देश सोना खरीदना बंद कर देगा. यहां तक कि बैंक भी सोने की खरीदारी रोक देंगे. इसके बाद सोने की कीमतें नीचे गिर सकती हैं. इसीलिए ग्राहकों को पैनिक (घबराने) होने की आवश्यकता नहीं है. फतेचंद रांका ने कहा, ऐसी युद्धजन्य स्थिति में लोगों को मवेट एंड वॉचफ की भूमिका अपनानी चाहिए. युद्ध छिड़ने के कारण सोने- चांदी की आपूर्ति (सप्लाई) पर विपरीत प्रभाव पड़ने की संभावना है. यदि अरब देशों (यूएई, सऊदी अरब, कुवैत) से सोने की आपूर्ति रुक जाती है, तो कीमतें और भी बढ़ सकती हैं. हालांकि, इस बारे में अभी तुरंत कुछ भी कहना मुश्किल है. सोमवार (2 मार्च) को जब वैेिशक बाजार खुलेंगे, तभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.  
 
बुलियन के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा

सर्राफा बाजार सुचारू रूप से चालू है और सामान्य व्यवहार (लेन-देन) हो रहे हैं. ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है. ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार सोने के आभूषणों की खरीदारी कर सकते हैं. हालांकि, यदि ग्राहकों को इस समय बुलियन के रूप में सोना चाहिए, तो उन्हें थोड़ा इंतजार करना होगा. फिलहाल, कई सर्राफा व्यापारियों ने बुलियन की बुकिंग भी अस्थायी रूप से बंद कर दी है. -फतेचंद रांका, अध्यक्ष, पुणे सर्राफा एसोसिएशन  
 
युद्ध की खबर के साथ ही भावों में आया उछाल

पुणे के सर्राफा बाजार में शनिवार (28 फरवरी) की सुबह सोने की कीमत 1 लाख 59 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जबकि चांदी 2 लाख 78 हजार रुपये प्रति किलो पर थी. हालांकि, युद्ध शुरू होने की खबर मिलते ही दोपहर तक चांदी की कीमत 2 लाख 95 हजार रुपये प्रति किलो (बिना जीएसटी) तक पहुंच गई, और सोना 1 लाख 67 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम (बिना जीएसटी) के स्तर को छू गया. मौजूदा युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए सर्राफा बाजार में यह चर्चा है कि सोने और चांदी की कीमतें और भी बढ़ सकती हैं.