शिवाजीनगर, 18 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले में पुणे के संतोष जगदाले की मृत्यु के बाद एक वर्ष से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे उनके परिवार को आखिरकार राहत मिली है. संतोष जगदाले की पुत्री आसावरी जगदाले को पुणे मनपा में वर्ग-2 (प्रशासनिक अधिकारी) पद पर नियुक्ति दी गई है. महापौर मंजूषा नागपुरे के हाथों, सभागृह नेता गणेश बिडकर और आयुक्त नवलकिशोर राम की उपस्थिति में आसावरी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दूरभाष के माध्यम से उनका अभिनंदन किया. पहलगाम दुर्घटना के बाद जगदाले परिवार को सांत्वना देने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनके निवास-स्थान पर भेंट दी थी. उस समय परिवार पर टूटे दुख के परिप्रेक्ष्य में आसावरी को शासकीय नौकरी देने का ओशासन उन्होंने दिया था. प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण कुछ विलंब हुआ, फिर भी शिंदे ने मनपा प्रशासन से सीधे संवाद कर प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए थे.
राज्य शासन ने विशेष प्रकरण के रूप में वर्ग-2 पद को मंजूरी दी आसावरी जगदाले ने कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक तथा मानव संसाधन प्रबंधन में स्नातकोत्तर शिक्षा पूर्ण की है. उनकी शैक्षणिक पात्रता को ध्यान में रखते हुए उन्हें समकक्ष पद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. सामान्यतः मनपा स्तर पर वर्ग-3 अथवा वर्ग-4 पदों पर नियुक्ति के अधिकार होते हैं, किंतु राज्य शासन ने विशेष प्रकरण के रूप में जगदाले के लिए वर्ग-2 (प्रशासनिक अधिकारी) पद को मंजूरी दी है.