मुंबई, 18 मार्च (आ.प्र.) कर्मचारी कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए पश्चिम रेलवे ने एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुंबई सेंट्रल मंडल के एक वरिष्ठ मोटरमैन के परिवार को 1 करोड़ की बीमा राशि प्रदान की है. उक्त कर्मचारी का ड्यूटी के दौरान एक हादसे में दुखद निधन हो गया था. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल मंडल में यह अपनी तरह का पहला बीमा भुगतान है. यह राशि भारतीय रेल और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच सितंबर-2025 में हुए समझौता ज्ञापन (चेण) के तहत, उन्नत रेलवे सैलरी पैकेज (ठडझ) योजना के अंतर्गत प्रदान की गई है. मुंबई सेंट्रल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह तथा एसबीआई के मुंबई मेट्रो सर्कल की मुख्य महाप्रबंधक मंजू शर्मा ने 16 मार्च 2026 को मंडल कार्यालय में आयोजित एक समारोह में मृत कर्मचारी की पत्नी को 1 करोड़ का चेक सौंपा. इस अवसर पर रेलवे और एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.