श्रीमंत दगडूसेठ गणपति मंदिर में गुढ़ी पाड़वा मनाया

पुलिस उपायुक्त ऋषिकेश रावले के हाथों संपन्न हुआ गुढ़ी का विधिवत पूजन

    20-Mar-2026
Total Views |

bfsbg


बुधवार पेठ, 19 मार्च (आ.प्र.)


श्री गणेश नाम का जयघोष, फूलों की आकर्षक सजावट, रंगोली की बिछायत और बैंड की मंगलध्वनि... ऐसे अत्यंत पावन वातावरण में श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर में गुरुवार (19 मार्च) को गुढ़ी पाड़वा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से गणपति मंदिर के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर, गुढ़ी पाड़वा के दिन मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक भव्य गुढ़ी खड़ी की गई. गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में इस गुढ़ी का विधि-विधान से पूजन किया गया. चैत्र शुद्ध प्रतिपदा के इस पावन दिन पर भगवान गणपति के दर्शन करने के लिए तड़के से ही पुणेवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. परिमंडल-1 के पुलिस उपायुक्त ऋषिकेश रावले ने गणपति बाप्पा की आरती की और गुढ़ी का पूजन कर उसे स्थापित किया. इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, मंगेश सूर्यवंशी समेत मंडल के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस दौरान गणेशयाग, अभिषेक और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया. बताया गया कि ट्रस्ट द्वारा 19 से 23 मार्च तक एक भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया है. यह महोत्सव प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक नू.म.वि. स्कूल के प्रांगण में आयोजित होगा.