तुलसीबाग में श्रीराम-लक्ष्मण-सीता की मूर्तियों का ‌‘पवमान अभिषेक'

    20-Mar-2026
Total Views |

nbgdn


 तुलसीबाग, 19 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पेशवेकालीन ऐतिहासिक तुलसीबाग श्रीराम मंदिर में गुढ़ी पाड़वा के अवसर पर गुरुवार (19 मार्च) को श्रीराम जय राम जय जय राम' के जयघोष के बीच श्रीराम-लक्ष्मण-सीता की मूर्तियों का पवमान अभिषेक किया गया. इस अवसर पर श्रद्धालुओं समेत संस्थान का तुलसीबागवाले परिवार उपस्थित था. अभिषेक के पश्चात मूर्तियों को सुंदर वेशभूषा और आभूषणों से सुसज्जित किया गया. गुढ़ी पाड़वा के उपलक्ष्य में मंदिर को आकर्षक फूलों और विद्युत रोशनी से सजाया गया है. प्रतिवर्ष गुढ़ी पाड़वा के दिन से ही श्रीराम नवमी उत्सव की शुरुआत होती है. पुणे प्रांत के सरसुबेदार श्रीमंत नारो अप्पाजी तुलसीबागवाले द्वारा सन 1761 में स्थापित इस भव्य मंदिर में इस वर्ष श्रीराम नवमी उत्सव का 265वां वर्ष बिना किसी बाधा के मनाया जा रहा है. श्री रामजी संस्थान (तुलसीबाग) की ओर से मंदिर में 19 मार्च से 2 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसमें श्री रामरक्षा स्तोत्र, अथर्वशीर्ष, श्री विष्णु सहस्रनाम, श्रीसूक्त और पुरुषसूक्त का पाठ किया गया. प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए सुबह से ही पुणेवासियों की मंदिर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. डॉ. रामचंद्र तुलसीबागवाले ने कहा कि, उत्सव के अंतर्गत श्रीरामरक्षा, अथर्वशीर्ष पाठ, श्रीविष्णु सहस्रनाम, श्रीसूक्त और पुरुषसूक्त पाठ, महापूजा, पालकी, श्री कौशल्या माता गोद भराई, श्रीराम जन्म उत्सव, श्रीराम राज्याभिषेक समारोह जैसे धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ रामायण वाचन, रामायण प्रवचन और संगीत कार्यक्रमों जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है.