विरधवल जगदाले पुणे जिला परिषद के अध्यक्ष निर्वाचित

विवेक वलसे पाटिल उपाध्यक्ष बने : दोनों महत्वपूर्ण पद राष्ट्रवादी कांग्रेस को मिले

    20-Mar-2026
Total Views |

ngn 

 पुणे, 19 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पुणे जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर विरधवल कृष्णराव जगदाले और उपाध्यक्ष पद पर विवेक प्रतापराव वलसे पाटिल का निर्विरोध चयन किया गया. पीठासीन अधिकारी तथा जिला कलेक्टर जीतेेंद्र डूडी ने बुधवार को इसकी घोषणा की. राष्ट्रवादी कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के कारण दोनों पदों पर पार्टी के उम्मीदवार निर्वाचित हुए. जिला परिषद के यशवंतराव चव्हाण सभागार में आयोजित विशेष बैठक और अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव बुधवार को हुआ. इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल, जिला परिषद व पंचायत समिति सामान्य चुनाव 2025 के समन्वयक अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी चारुशीला देशमुख-मोहिते, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रकांत वाघमारे, जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य, पंचायत समिति के सभापति आदि उपस्थित थे.अध्यक्ष पद के लिए विरधवल जगदाले और विजयसिंह बाबासाहेब शिंदे ने नामांकनपत्र दाखिल किया था. शिवसेना के ठाकरे गुट के शिंदे ने अपना नामांकन वापस ले लिया. इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए विवेक वलसे पाटिल और शिवसेना के शिंदे गुट के मंगेश गुलाबराव काकड़े ने नामांकन पत्र दाखिल किया था, जिनमें से मंगेश काकड़े ने भी नाम वापस ले लिया. इसके कारण अध्यक्ष पद पर विरधवल जगदाले तथा उपाध्यक्ष पद पर विवेक वलसे पाटिल का निर्विरोध चयन हुआ. विशेष बैठक की शुरुआत में डुडी ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों का वाचन किया. सभी नामांकन पत्र वैध घोषित किए गए और उन्हें वापस लेने के लिए 15 मिनट का समय दिया गया. इस दौरान नामांकन वापस लिए जाने के कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ.