आनंद मित्तल ‘एस क्लब' के अध्यक्ष
कवित पोद्दार सचिव और संजय अग्रवाल कोषाध्यक्ष पद पर नियुक्त
21-Mar-2026
Total Views |
शिवाजीनगर, 20 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पुणे के अग्रवाल समाज के सुप्रसिद्ध ‘दि एस क्लब' के अध्यक्ष पद पर आनंद मित्तल को चुना गया है. वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी में कवित पोद्दार (सचिव), संजय अग्रवाल (कोषाध्यक्ष) और सीए सचिन बंसल (ईसी हेड) को जिम्मेदारी सौंपी गई है. नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण (इंस्टालेशन) समारोह रविवार (22 मार्च) को कल्याणीनगर में एक भव्य आयोजन के साथ संपन्न होगा. क्लब के संस्थापक डॉ. नरेश मित्तल ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आगामी वर्ष के कार्यक्रमों के लिए शुभकामनाएं दी हैं. पुणे में साल 2011 में शुरू हुए ‘दि एस क्लब' में वर्तमान में 150 अग्रवाल दंपति सदस्य हैं. क्लब का मुख्य उद्देश्य सभी सदस्यों को साथ लाना और उनके बीच के आपसी संबंधों को मजबूत करना है. क्लब की प्रमुख गतिविधियों में साल भर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है. एस क्रिकेट लीग यह क्लब द्वारा आयोजित की जाने वाली सबसे लोकप्रिय वार्षिक स्पर्धा है. साथ ही सदस्यों के लिए धार्मिक यात्राओं के साथ-साथ देश-विदेश के पर्यटन दौरों का भी आयोजन किया जाता है. नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद मित्तल ने बताया कि इस वर्ष दि एस क्लब की ओर से हर महीने अलग-अलग कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है.