बाजीराव रोड, 20 मार्च (आ. प्र.) आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपरा को संजोने वाले तारपा वादन और नृत्य से आदिवासी कलाकारों ने पुणेवासियों का दिल जीत लिया. पद्मश्री भिकल्या लाडक्या धिंडा और उनके दल द्वारा प्रस्तुत तारपा वादन और नृत्य के इस कार्यक्रम में एकता, परंपरा का संगम देखने को मिला. श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपती ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से मंदिर के 42वें स्थापना दिवस पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. नूमवि स्कूल के प्रांगण में गुढ़ी पाड़वा (19 मार्च) से शुरू हुए इस संगीत महोत्सव का उद्घाटन महापौर मंजुषा नागपुरे के हाथों संपन्न हुआ. इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, उपाध्यक्ष माणिक चव्हाण, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, महासचिव एवं विधायक हेमंत रासने, सह-सचिव अमोल केदारी, अक्षय गोडसे, सुवर्णयुग तरुण मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण आदि गणमान्य उपस्थित थे.