शिवाजीनगर, 20 मार्च (आ. प्र.) सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी), पुणे द्वारा एक विशेष दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है. इस समारोह में वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और अनुभवी नेता सुशील कुमार शिंदे को प्रतिष्ठित ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स' (डी.लिट) की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा. यह समारोह मंगलवार (24 मार्च) सुबह 11 बजे सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) के लवले कैंपस में आयोजित होगा. प्रख्यात वैज्ञानिक और ‘कौंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च' के पूर्व महानिदेशक डॉ. रघुनाथ माशेलकर इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर (कुलपति) प्रो. डॉ. एस. बी. मुजुमदार करेंगे. कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी की प्रो-चांसलर डॉ. विद्या येरवडेकर, वाइस चांसलर (कुलगुरु) डॉ. रामकृष्णन रमण के साथ-साथ कार्यकारी बोर्ड और शैक्षणिक परिषद के सदस्य भी मौजूद रहेंगे. बताया गया कि सुशील कुमार शिंदे के सार्वजनिक जीवन और प्रशासन में उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान करने के लिए इस विशेष दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित करने की वेिशविद्यालय की परंपरा को दर्शाता है.