पुणे, 21 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
अग्रवाल समाज में वैवाहिक संबंधों को सरल, सुलभ और संस्कारित बनाने के उद्देश्य से देशभर के विभिन्न शहरों में कई समर्पित समाजसेवी पिछले कई वर्षों से निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं. इनका मुख्य उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को उचित जीवनसाथी मिल सके, सामाजिक कुरीतियां कम हों और सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा मिले. प्रस्तुत हैं ऐसे ही कुछ समाजसेवियों से दै.आज का आनंद के लिए प्रो.रेणु अग्रवाल ने बातचीत की. प्रस्तुत हैं उनके अनुभव, विचार के प्रमुख अंश-
वैवाहिक रिश्तों के लिए पहल करना उद्देश्य
मैंने अग्रवाल समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लेकर अकोला अग्रवाल समिति में 20-25 वर्षों तक कार्य करने का प्रयास किया. हालांकि अपने कार्यों से पूर्ण संतुष्टि न मिलने के कारण, सितंबर 2023 में स्वयं स्फूर्ति से साथियों के सहयोग से मोबाइल माध्यम द्वारा अकोला अग्रवाल समाज वेलफेयर ग्रुप की स्थापना की.इस पहल के अंतर्गत श्री अग्रबंधन बायोडाटा ग्रुप, चर्चा सत्र ग्रुप तथा बायोडाटा सम्मेलन ग्रुप की शुरुआत की गई, जिनका उद्देश्य समाज के युवक- युवतियों का परिचय करवाकर वैवाहिक संबंध स्थापित करना है. पिछले तीन वर्षों में इन माध्यमों से 670 से अधिक संबंध तय हुए हैं. आगामी 19 अप्रैल 2026 को अग्रबंधन सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पांच जोड़ों का निशुल्क विवाह तथा प्रत्येक जोड़े को 4 लाख की गृह उपयोगी सामग्री प्रदान करने का संकल्प लिया गया है. बजरंगलाल आर. अग्रवाल, अकोला (महाराष्ट्र) (9970660396 / 9422860396)
समाज सेवा से आत्मिक संतोष मिलता है
मेरा नाम पवन संतलाल मित्तल है, आयु 61 वर्ष, मैं जलगांव से हूँ और पिछले 18-20 वर्षों से विवाह संबंध स्थापित कराने का कार्य कर रहा हू्ँ. मुझे इस कार्य की प्रेरणा पुणे के श्री राजेश सुरेंद्रनाथजी अग्रवाल से मिली, जिनके मार्गदर्शन में यह कार्य आत्मिक संतोष प्रदान करता है. मेरा मानना है कि समाज एक परिवार है और परिवार के लिए कार्य करना कभी कठिन नहीं होता. विशेष रूप से मेरा संदेश है कि लड़कियों की शिक्षा पूर्ण होते ही उनके विवाह की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए तथा आगे की जिम्मेदारियां ससुराल पक्ष पर छोड़नी चाहिए. गांव, कस्बों और तहसीलों में होने वाले विवाह अधिक शांति और सादगी से संपन्न होते हैं, जो बड़े शहरों में दुर्लभ है. हमारे संगठन द्वारा पुनर्विवाह (विधवा, विधुर, तलाकशुदा, दिव्यांग) हेतु परिचय सम्मेलन पिछले 5-6 वर्षों से आयोजित किए जा रहे हैं. -अग्रश्री पवन संतलाल मित्तल, जलगांव (9422277321)
बदलती सोच से विवाह की चुनौतियां बढ़ीं
मेरा नाम हेमंत गंगाबिसन अग्रवाल है, मैं नासिक, महाराष्ट्र से हूँ और कई वर्षों से विवाह संबंध स्थापित कराने का कार्य कर रहा हू्ँ. इस कार्य की प्रेरणा मुझे मेरे ताऊजी लक्ष्मीनारायणजी से मिली. वर्तमान समय में लोग व्यक्ति से अधिक उसके प्रोफेशन को महत्व देने लगे हैं, जिसके कारण विवाह तय होना कठिन हो गया है. लोग बिना मिले ही बायोडाटा के आधार पर निर्णय ले लेते हैं, जो उचित नहीं है.मेरा मानना है कि विवाह दो परिवारों को जोड़ने वाला पवित्र बंधन है, इसे दिखावे से दूर रखते हुए सादगी और परंपरा के साथ संपन्न करना चाहिए. कम खर्च में आदर्श विवाह समाज के लिए प्रेरणा बन सकता है. -हेमंत गंगाबिसन अग्रवाल, नासिक (9370201019)
निस्वार्थ भाव से विवाह संबंध स्थापित कराने का प्रयास
मेरा नाम लता रामकुमार अग्रवाल है,उम्र -65 वर्ष, मैं निगड़ी प्राधिकरण, पुणे में निवास करती हू्ँ. वर्ष 1993 में अग्रवाल समाज महिला मंडल की स्थापना में मैं फाउंडर सदस्य रही हूँ तथा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हूं पिछले 15 वर्षों से मैं निशुल्क एवं निस्वार्थ भाव से विवाह संबंध स्थापित कराने का कार्य कर रही हू्ँ. इस सेवा कार्य की प्रेरणा मुझे स्वर्गीय शारदा अग्रवाल जी से प्राप्त हुई. आज के समय में युवाओं को मार्गदर्शन देना चुनौतीपूर्ण हो गया है, फिर भी आवश्यकता पड़ने पर मैं अपनी सलाह देने का प्रयास करती हूं. - लता रामकुमार अग्रवाल, निगड़ी प्राधिकरण (9766652465)
जरूरतमंदों की सहायता करना ही मकसद
मेरा नाम धर्मेंद्र अग्रवाल है, उम्र 57 वर्ष, मैं निगड़ी प्राधिकरण, पुणे में रहता हूँ और पिछले 25 वर्षों से विवाह संबंध स्थापित कराने का कार्य कर रहा हू्ँ. हम सभी समाजों के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय करवाकर निशुल्क सेवाएं प्रदान करते ह्ैं. इस कार्य में छोटी-मोटी कठिनाइयाँ आती हैं, लेकिन समझदारी से उनका समाधान किया जाता है. अब तक जिन भी जोड़ों का विवाह करवाया है, वे अपने वैवाहिक जीवन में सुखी हैं. मेरी सदैव यही कोशिश रहती है कि हर जरूरतमंद की सहायता कर सकू्ं. -धर्मेंद्र अग्रवाल, निगड़ी प्राधिकरण (9822950719)
समाज सेवा की प्रेरणा पिता से मिली
मेरा नाम राजकुमार अनंतराम गोयल है, मैं हरियाणा (पानीपत) से हूँ और पिछले 15 वर्षों से समाज में विवाह संबंध स्थापित कराने का कार्य कर रहा हूं. इस कार्य की प्रेरणा मुझे मेरे पिताजी से मिली. निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने पर कई बार लोगों द्वारा उचित सम्मान नहीं मिलता, फिर भी हमें अपने कर्तव्य का पालन निरंतर करते रहना चाहिए. कई बार लोग सहायता प्राप्त करने के बाद भी आभार व्यक्त नहीं करते, जो एक सामाजिक कमी है. मेरा मानना है कि जो व्यक्ति समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करता है, उसका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है. इससे समाज सेवा की भावना को और बल मिलता है. -राजकुमार अनंतराम गोयल, पानीपत (8446388151)