डॉ. अविनाश भोंडवे को आईएमए का ‘लाइफटाइम अचीवमेंट' पुरस्कार
चिकित्सा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए मिला सम्मान
24-Mar-2026
Total Views |
तिलक रोड, 23 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
पुणे के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अविनाश भोंडवे को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए ) द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट (जीवनगौरव) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. रविवार (22 मार्च) को तिलक रोड स्थित नीतू मांडके सभागार में आयोजित इस समारोह में पुणे के कई प्रतिष्ठित डॉक्टर और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उपस्थित थीं बता दें कि डॉ. अविनाश भोंडवे आईएमए महाराष्ट्र और पुणे के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. वे पिछले 4 दशकों से अधिक समय से ‘फैमिली डॉक्टर' के रूप में स्वास्थ्य विश्लेषक के तौर पर कार्यरत हैं. उन्होंने चिकित्सा विषयों पर 24 पुस्तकें लिखी हैं और महाराष्ट्र के विभिन्न समाचारपत्रों और पत्रिकाओं में 5,000 से अधिक चिकित्सा लेख लिखे हैं. इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र के कई गांवों में स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान दिए हैं. कोरोना काल के दौरान जन-जागरूकता फैलाने के लिए उन्होंने समाचार पत्रों और विभिन्न समाचार चैनलों पर कई साक्षात्कार और चर्चाओं में भाग लिया. उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें महाराष्ट्र के राज्यपाल के साथ-साथ गांधी स्मारक समिति, नेपाल द्वारा ‘कोरोना योद्धा' के रूप में सम्मानित किया जा चुका है. डॉक्टरों के खिलाफ होने वाली हिंसा के विरुद्ध महाराष्ट्र में कानून बनाने के लिए डॉ. भोंडवे ने राज्यव्यापी आंदोलन का नेतृत्व किया और संबंधित कानून को पारित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसके साथ ही वे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हुए हैं.