मुंबई, 23 मार्च (वि.प्र.)श्री सप्तेेशर सालासर हनुमान मंदिर (भायंदर) के तत्वावधान में आयोजित भव्यतम गणगौर महोत्सव में अग्रवाल समाज के अग्रज व मुख्य अतिथि सीए उत्तम अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए राजस्थानी समाज ने अपनी माटी और संस्कृति के साथ जिस सेतु को बनाए रखा है, उसी की बदौलत आज उनमें माइक्रो परिवार सबसे कम देखने मिलते हैं. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, यह महोत्सव पहले समाज और फिर परिवार को एक धागे से पिरोकर रखने का काम करते ह्ैं. उल्लेखनीय है कि उत्तम अग्रवाल अग्रोहा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ह्ैं. भाईंदर के जेसल पार्क पर आयोजित इस विशाल आयोजन में उन्होंने सभी से अपनी जड़ों और जमीन से जुड़े रहने की भावपूर्ण अपील की. इलाके के असरदार विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में राजस्थानी लोग इस सांस्कृतिक महाकुम्भ का हिस्सा बने. कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार केसरिया बालम एंड पार्टी (इंदौर) की प्रस्तुति ने हर ओर समां बांध दिया. जैसल पार्क चौपाटी के बालाजी खेल मैदान में दर्शकों का भारी हुजूम उमड़ा, जो देर रात तक लोक गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेता रहा.