गिरिप्रेमी द्वारा 2 अप्रैल से फिर शुरु होगा एवरेस्ट अभियान

उमेश झिरपे व टीम को ध्वज प्रदान; ग्लेशियर संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करेंगे

    24-Mar-2026
Total Views |

bvfsB


शिवाजीनगर, 23 मार्च (आ.प्र.)

 पुणे की अग्रणी पर्वतारोहण संस्था गिरिप्रेमी द्वारा फिर एक बार एवरेस्ट अभियान शुरु हो रहा. इसके उपलक्ष्य में माउंट एवरेस्ट अभियान का ध्वज प्रदान समारोह बड़े उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर पुणे की महापौर श्रीमती मंजूषा नागपुरे एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के हाथों भारत का तिरंगा, महाराष्ट्र का भगवा ध्वज और गिरिप्रेमी का ध्वज, अभियान के नेता और वरिष्ठ पर्वतारोहण विशेषज्ञ उमेश झिरपे और उनके दल को सौंपा गया. इस गरिमामय कार्यक्रम में यशदा के महानिदेशक डॉ. सुहास दिवसे, गंगोत्री होम्स एंड हॉलिडेज के निदेशक गणेश जाधव, गिरिप्रेमी की संस्थापक-अध्यक्षा श्रीमती उष:प्रभा पागे, संस्थापक आनंद पालंदे और संस्था के वर्तमान अध्यक्ष जयंत तुलपुले उपस्थित थे. इस समारोह में सैकड़ों शुभचिंतकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. गिरिप्रेमी का यह महत्वाकांक्षी एवरेस्ट अभियान तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार विजेता उमेश झिरपे के नेतृत्व में संपन्न होगा. उनके इस दल में विवेक शिवदे, निकुंज शाह, अखिल काटकर और मिहिर जाधव शामिल हैं. यह अभियान भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान को मजबूती प्रदान करने वाला है, जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक सक्षमता और सक्रिय जीवनशैली का संदेश देगा. साथ ही, हिमनदों (ग्लेशियर्स) के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता फैलाना इस अभियान का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. इसके लिए काठमांडू, बेस कैंप की ओर जाने वाले मार्ग और एवरेस्ट बेस कैंप पर इन विषयों से संबंधित विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा. उमेश झिरपे ने कहा, 2012 के बाद एक बार फिर गिरिप्रेमी ने एवरेस्ट का संकल्प लिया है. यहां केवल पर्वतारोहियों की ही नहीं, बल्कि एक सक्षम पीढ़ी तैयार हो रही है. यह अभियान केवल हमारा नहीं, बल्कि सबका है. गणेश जाधव, महापौर मंजूषा नागपुरे और डॉ. सुहास दिवसे ने पूरे दल को सुरक्षित और सफल शिखर आरोहण के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम का संचालन गिरिप्रेमी के वरुण भागवत और आशीष नावंधर ने किया. विवेक शिवदे ने आभार प्रदर्शन किया.