मुंबई, 23 मार्च (वि.प्र.) राजस्थानी सेवा संघ की महिला समिति के तत्वावधान में महिलाओं ने कांदिवली संभाग में बड़ी धूमधाम से गणगौर महोत्सव मनाया. इस अवसर पर महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सज-धज कर आई्ं. विवाहित महिलाओं ने अपने पति के मंगलमय जीवन और कुंवारी लड़कियों ने अच्छे वर की कामना के साथ शिव-पार्वती के रूप में गणगौर-ईशर की पूजा संपन्न की. इसी प्रकार का एक अन्य भव्य आयोजन राजस्थानी जन-जागरण सेवा संस्था द्वारा भायंदर (पश्चिम) में किया गया. संस्था के अध्यक्ष गजेंद्र भंडारी ने बताया कि इस 26वें गणगौर महोत्सव में महिलाओं और युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ गणगौर-ईशर की आराधना की. गौरतलब है कि यह त्योहार होली से शुरू होकर चैत्र मास की तृतीया तक मनाया जाता है. उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ड्रेस और सर्वश्रेष्ठ गणगौर के लिए महिलाओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया. मिनी राजस्थान और धार्मिक नगरी के रूप में विख्यात भायंदर में राजस्थानी गायिका सुधा शर्मा द्वारा प्रस्तुत गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और मस्ती की. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदीप अग्रवाल, ओमप्रकाश कावड़िया और डॉ. श्याम सुंदर शर्मा आदि का विशेष योगदान रहा.