पिंपरी-चिंचवड़ शहर में गहराते जलसंकट काे दूर करने के लिए राज्य सरकार ने एक अत्यंत सकारात्मक कदम उठाया है. जलसंपदा मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल ने आश्वस्त किया है कि पवना बांध से प्रतिदिन 100 एमएलड़ी (मिलियन लीटर) अतिरिक्त पानी उठाने की अनुमति आगामी 15 दिनाें के भीतर प्रदान कर दी जाएगी. बुधवार काे विधानसभा में विधायक शंकर जगताप द्वारा उठाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और आधे घंटे की सघन चर्चा के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया.विधानसभा के बजट सत्र के दाैरान बुधवार काे आयाेजित इस उच्चस्तरीय बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था काे सुदृढ़ करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए.
विधायक शंकर जगताप ने बताया कि इस निर्णय से शहरवासियाें काे भीषण गर्मी के दाैरान हाेने वाली पानी की किल्लत से स्थायी निजात मिलेगी. पवना बांध से अतिरिक्त 100 एमएलड़ी पानी के साथ-साथ भामा आसखेड़ के अतिरिक्त जल संचय और मावल के माैजे शिरे में जलसंपदा विभाग की 0.95 हेक्टेयर भूमि मनपा काे हस्तांतरित करने के आदेश भी दिए गए हैं. विधायक शंकर जगताप ने सभागृह काे अवगत कराया कि शहर की वर्तमान आबादी लगभग 37 लाख के करीब पहुंच चुकी है, जबकि वर्तमान में प्रतिवर्ष केवल 8.38 टीएमसी (650 एमएलड़ी) पानी का उपयाेग किया जा रहा है. इस असंतुलन के कारण शहर में वर्तमान में एक दिन छाेड़कर जलापूर्ति की जा रही है.100 एमएलड़ी अतिरिक्त पानी मिलने से इस अंतराल काे कम करने में बड़ी मदद मिलेगी.