शिवाजीनगर, 26 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) यदि देश को बचाना है, तो देश के बच्चों को गंगा माता, गीता माता, भारत माता, गौ माता और दुर्गा माता इन सभी माताओं को एक समान मानना चाहिए. इसे केवल गोहत्या बंदी कानून नहीं, बल्कि ‘गो संवर्धन कानून' कहा जाना चाहिए. साथ ही, गो रक्षा मंत्री जैसा एक विशिष्ट पद भी होना चाहिए, ऐसी राय श्री शिवप्रतिष्ठान हिंदुस्तान के संस्थापक संभाजीराव भिडे गुरुजी ने व्यक्त की. वे गौ टेक 2026 अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन और प्रदर्शनी के समापन समारोह में बोल रहे थे. यह परिषद अंतरराष्ट्रीय संस्था ग्लोबल कॉन्फेडरेशन ऑफ काऊ बेस्ड इंडस्ट्रीज (जीसीसीआई) द्वारा महाराष्ट्र गो सेवा आयोग और आर. आर. काबेल के सहयोग से आयोजित की गई थी. इस प्रदर्शनी में पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे, अभिनेता जैकी श्रॉफ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की. इस अवसर पर जीसीसीआई के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. वल्लभभाई कथिरिया और महाराष्ट्र गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं गौ टेक 2026 के आयोजन अध्यक्ष शेखर मूंदड़ा समेत गणमान्य उपस्थित थे. प्रदर्शनी में गाय के माध्यम से प्राप्त विभिन्न उत्पादों के विषय में विविध कार्यक्रमों, संगोष्ठियों और व्याख्यानों का आयोजन किया गया था. इस चार दिवसीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौ-प्रेमियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया.