आरटीई प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च तक बढ़ी

    27-Mar-2026
Total Views |
 

RTE 
 
शिक्षा का अधिकार कानून के अंतर्गत आरटीई के तहत आरक्षित सीटाें पर प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है. इसके अनुसार अब अभिभावक 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.प्रवेश प्रक्रिया में अब तक 2 लाख 75 हजार से अधिक आवेदन जमा किए जा चुके हैं.प्राथमिक शिक्षा निदेशक शरद गाेसावी ने इस संबंध में जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी. आरटीई 25 प्रतिशत प्रवेश के लिए शिक्षा विभाग द्वारा एक किलाेमीटर की दूरी के भीतर स्थित स्कूलाें के चयन की शर्त काे उच्च न्यायालय ने रद्द कर दिया है. इसके बाद प्राथमिक शिक्षा संचालनालय ने पहले आवेदन भर चुके अभिभावकाें काे दाेबारा आवेदन भरने का अवसर दिया है, साथ ही जिन्हाेंने अब तक आवेदन नहीं भरा है, उन्हें भी आवेदन करने का माैका प्रदान किया गया है.
 
प्राथमिक शिक्षा संचालनालय द्वारा आरटीई पाेर्टल पर दी गई जानकारी के अनुसार आरटीई 25 प्रतिशत प्रवेश के लिए एक किलाेमीटर की दूरी की शर्त समाप्त कर दी गई है. इससे एक किलाेमीटर के भीतर के स्कूलाें का चयन कर आवेदन भर चुके अभिभावकाें काे अब एक किलाेमीटर, एक से तीन किलाेमीटर तथा तीन किलाेमीटर से अधिक दूरी पर स्थित स्कूलाें के विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. इस संदर्भ में संबंधित अभिभावकाें काे प्रवेश पाेर्टल पर अभिभावक लाॅगिन के माध्यम से आवेदन अनकन्फर्म कर पुनः कन्फर्म करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत 8 हजार 700 स्कूलाें में प्रवेश के लिए 1 लाख 14 हजार 785 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं. बुधवार शाम तक 2 लाख 75 हजार 679 आवेदन जमा हाेने की जानकारी आरटीई पाेर्टल पर उपलब्ध आंकड़ाें से सामने आई है. अब शिक्षा संचालनालय द्वारा आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने से आवेदन संख्या में और वृद्धि हाेने की संभावना है.
 
पिछले वर्ष राज्यभर में 8 हजार 863 स्कूलाें की 1 लाख 9 हजार 102 सीटाें के लिए प्रवेश प्रक्रिया दिसंबर में शुरू की गई थी. इसके लिए 3 लाख 5 हजार 151 विद्यार्थियाें ने पंजीकरण कराया था. इनमें से कुल 88 हजार से अधिक सीटाें पर प्रवेश दिए गए, जबकि लगभग 21 हजार सीटें रिक्त रह गई थीं. वहीं वर्ष 2024 में 78 हजार सीटाें पर प्रवेश हुआ था और लगभग 26 हजार सीटें खाली रह गई थीं. इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में प्रवेश के लिए उपलब्ध सीटाें की संख्या लगभग पांच हजार बढ़ी है. साथ ही लगातार उपलब्ध सीटाें की तुलना में दाेगुने आवेदन प्राप्त हाे रहे हैं.इसलिए इस वर्ष कुल कितने आवेदन प्राप्त हाेते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण हाेगा.आरटीई प्रवेश के लिए आवेदन जमा हाेने के बाद पात्र विद्यार्थियाें के चयन के लिए लाॅटरी निकाली जाएगी. इसके माध्यम से प्रवेश के लिए पात्र विद्यार्थियाें की सूची घाेषित की जाएगी. साथ ही प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी. लाॅटरी में चयनित विद्यार्थियाें काे प्रवेश का अवसर दिए जाने के बाद यदि सीटें रिक्त रहती हैं ताे प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियाें काे प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा.