भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने दुबई में फंसे हाेने के दाैरान एक वीडियाे जारी कर हालात की जानकारी दी है. सिंधू बेंगलुरु से ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थीं, जहां उन्हें प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेना था, लेकिन दुबई में फ्लाइट लैंड हाेते ही हालात अचानक बिगड़ गए और एयरस्पेस बंद कर दिया गया. वीडियाे में सिंधू कहती हैं, हैलाे सभी काे, सबसे पहले मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहती हूं, जाे लगातार हमारी चिंता कर रहे हैं. मैं बंगलूरू से बर्मिंघम ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप खेलने जा रही थी. दुबई में हमारी फ्लाइट उतरने के बाद हालात अचानक बदल गए और एयरस्पेस बंद कर दिया गया.
पिछले कुछ घंटे बेहद तनावपूर्ण रहे. हमने ऊपर इंटरसेप्शन की आवाजें सुनीं और कुछ घंटाें बाद हमारे ठहरने की जगह के बेहद करीब जाेरदार धमाका हुआ. सिंधू ने बताया कि धमाका उनके काेच के बेहद करीब हुआ. उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. इस घटना ने पूरी टीम काे झकझाेर दिया, लेकिन सभी ने संयम बनाए रखा. सिंधू ने कहा, मेरे काेच उस जगह से लगभग 100 मीटर दूर थे और उन्हें तुरंत वहां से हटना पड़ा.इतने करीब से ऐसी घटना का अनुभव आपकाे अंदर तक झकझाेर देता है. आप कभी उम्मीद नहीं करते कि ऐसा आपके साथ या आपके करीबियाें के साथ हाेगा, लेकिन कई बार हालात हमारे नियंत्रण में नहीं हाेते. मैं खुद काे खुशकिस्मत मानती हूं कि मेरे साथ मजबूत और एकजुट टीम है.