पुणे, 3 मार्च (आ.प्र.) भाजपा की पुणे शहर व्यापारी आघाड़ी के अध्यक्ष पद पर युवा, गतिशील और संघर्षशील नेतृत्व के रूप में पहचाने जाने वाले महेश गुप्ता की नियुक्ति की गई. उनकी नियुक्ति से पुणे शहर के व्यापारी वर्ग में नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती की भावना पैदा हुई है. इस अवसर पर भाजपा पुणे शहराध्यक्ष धीरज घाटे, महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव राजेश पांडे तथा पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. महेश गुप्ता ने पिछले कई वर्षों से व्यापारी वर्ग के मुद्दों को लेकर आक्रामक और प्रभावी भूमिका निभाई है. शासन, मनपा, पुलिस प्रशासन तथा विभिन्न सरकारी विभागों में उनकी मजबूत उपस्थिति और प्रभावी समन्वय क्षमता उनकी विशेष पहचान रही है. व्यापारियों पर होने वाली अन्यायपूर्ण कार्रवाइयों के खिलाफ उन्होंने लगातार आवाज उठाई है और समस्याओं के केवल ज्ञापन देने के बजाय उनका वास्तविक समाधान निकालने की कार्यप्रणाली विकसित की है. व्यवसाय सुगमता के लिए उन्होंने आयकर, जीएसटी, लाइसेंस प्रक्रिया, स्थानीय प्रशासन से संबंधित बाधाओं तथा अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई के संबंध में ठोस प्रयास किए हैं. बाजार क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाएं, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारी संरक्षण जैसे विषयों पर उन्होंने सक्रिय नेतृत्व किया है. भाजपा व्यापारी आघाड़ी केवल एक संगठन नहीं बल्कि व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाला एक प्रभावी मंच बनेगा, ऐसी स्पष्ट भूमिका महेश गुप्ता ने प्रस्तुत की है.