श्रीमंत दगडूसेठ गणपति को 2 हजार किलो अंगूराें का महाभोग
भक्त, अनाथालय, वृद्धाश्रम और अस्पताल में प्रसाद के रूप में बांटा गया
04-Mar-2026
Total Views |
बुधवार पेठ, 3 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) काले, हरे और लाल रसीले अंगूरों से श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर के गर्भगृह और सभामंडप को सजाकर द्राक्ष महोत्सव (अंगूर उत्सव) मनाया गया. श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस महोत्सव में नासिक की सह्याद्रि फार्म कंपनी के किसानों द्वारा उगाए गए निर्यात योग्य और रसायन मुक्त 2 हजार किलो अंगूरों की भव्य सजावट की गई. इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विलास शिंदे और सह्याद्रि फार्म के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. महाभोग की इस आकर्षक सजावट को देखने के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. पिछले पांच वर्षों से लगातार जारी यह उपक्रम अब श्रद्धा, कृषि और समाज सेवा का एक सुंदर संगम बन गया है. सुनील रासने ने कहा, अंगूर के सीजन की शुरुआत में विघ्नहर्ता का आशीर्वाद मिले, सीजन सुचारू रूप से चले और किसानों को अच्छी आय प्राप्त हो, इसी भावना के साथ यह महाभोग अर्पित किया जाता है. महेश सूर्यवंशी ने बताया, अंगूर का सेवन स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है, इसलिए महोत्सव के बाद इन्हें प्रसाद के रूप में अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और ससून अस्पताल में वितरित किया जाएगा.