रसिकलाल धारीवाल की स्मृति में 9वां वार्षिक रक्तदान शिविर संपन्न

350 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दिया

    05-Mar-2026
Total Views |

bDNgh 
 
पुणे, 4 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 आर. एम. धारीवाल फाउंडेशन द्वारा समाजसेवा की सतत परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रसिकलाल धारीवाल की जयंती के अवसर पर 9वां वार्षिक रक्तदान शिविर इस वर्ष अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण और अभूतपूर्व प्रतिसाद के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों की स्वैच्छिक भागीदारी से कुल 350 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दिया. विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि इस वर्ष के शिविर में दुर्लभ माने जाने वाले नेगेटिव रक्त समूह की 5 यूनिट का संकलन किया गया. आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी इस रक्त समूह की उपलब्धता से शिविर का महत्व और बढ़ गया. इस शिविर में के. ई. एम. रुग्णालय, पूना हॉस्पिटल, इनलैक्स रुग्णालय तथा आर. एम. धारीवाल फाउंडेशन की ब्लड कलेक्शन वैन ने सहभागिता की. इस अवसर पर मराठी अभिनेता सिद्धार्थ जाधव की विशेष उपस्थिति रही. साथ ही उद्योगपति पोपटलाल ओसवाल, प्रदीप राठी और आकाश राठी (अध्यक्ष, लातूर अर्बन को- ऑप. बैंक लिमिटेड) ने भी शिविर का दौरा किया. विशेष रूप से आकाश राठी ने केवल उपस्थिति दर्ज नहीं कराई, बल्कि स्वयं रक्तदान भी किया. इसके अतिरिक्त पुणे के विभिन्न गणपति मंडलों के पदाधिकारी तथा शहर के कई गणमान्य एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने उपस्थित रहकर इस सामाजिक पहल को समर्थन दिया. कानून-व्यवस्था से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिविर में उपस्थित होकर संतोष व्यक्त किया. सागर कवड़े (पुलिस उपायुक्त मुख्यालय), विजयकुमार डोके (कोरेगांव पार्क वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक) और कैलास गायकवाड़ (सहसचिव, महसूल, मंत्रालय) ने प्रत्यक्ष उपस्थिति दर्ज कराई. विशेष रूप से विजयकुमार डोके ने स्वयं रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया. समाजहित, स्वास्थ्य संवर्धन और मानव जीवन की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज में एकता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ. स्वर्गीय रसिकलाल धारीवाल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, फाउंडेशन की अध्यक्षा जान्हवी धारीवाल बालन एवं उपाध्यक्षा शोभाताई धारीवाल ने भविष्य में इस उपक्रम को और व्यापक रूप में आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया.  
 
गणमान्यों को 150 पौधे प्रदान
फाउंडेशन के सामाजिक विकास के सतत उपक्रमों के अंतर्गत हरे कृष्ण मिशन (पुणे), आर. एम. डी. स्कूल एंड कॉलेज (रांजणगांव), साधु वासवानी मिशन, सिद्धातिशय क्षेत्र (कुंडल) तथा श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर (वाल्हे) को चेक वितरित किए गए. उपस्थित लोगों को 6 फीट ऊंचाई के 150 देशी पौधे निःशुल्क प्रदान किए गए. साथ ही जान्हवी धारीवाल बालन की संकल्पना पर आधारित वृक्ष पुनरोपण परियोजना की विशेष जानकारी वाली फिल्म भी शिविर स्थल पर प्रदर्शित की गई.