मगरपट्टा में ‌‘मोटापा निवारण योग शिविर' संपन्न

योग से स्वस्थ जीवन का संदेश

    05-Mar-2026
Total Views |
 
bdN

हड़पसर, 4 मार्च (आ.प्र.)

भारतीय योग संस्थान, दिल्ली (पंजीकृत) की ओर से पुणे के मगरपट्टा एम्फीथिएटर में चार दिवसीय निःशुल्क मोटापा निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया. यह शिविर 24 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित किया गया था, जिसका विधिवत उद्घाटन नगरसेविका हेमलता नीलेश मगर के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ. शिविर के उद्घाटन अवसर पर शिविर प्रमुख पांडुरंग गवस, गुट प्रमुख शोभना गवस एवं अन्य योग कार्यकर्ताओं ने बढ़ते मोटापे और उससे होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, मानसिक तनाव और जंक फूड के बढ़ते आकर्षण के कारण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में मोटापे की समस्या विकराल रूप ले रही है. विशेषज्ञों ने बताया कि मोटापा अपने साथ डायबिटीज और ब्लड प्रेशर (बीपी) जैसी कई अन्य बीमारियां लेकर आता है. इन विकारों के निवारण के लिए योग एक अचूक माध्यम है. शिविर में नियमित योगाभ्यास, आसन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से मोटापे पर नियंत्रण पाने के तरीकों को प्रायोगिक रूप से समझाया जा रहा है. इस प्रशिक्षण शिविर में योग शिक्षिका हेमलता मुरारका, तनु श्रीधर, जतिन रमैया और राजेंद्र खंडेलवाल द्वारा विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर अभ्यास कराया जा रहा है. भारतीय योग संस्थान पूर्णतः निःशुल्क सेवा प्रदान करता है. संस्थान का मुख्य उद्देश्य ‌‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयः'के ध्येय वाक्य को सार्थक करना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ, रोगमुक्त और निरामय जीवन प्राप्त कर सके.