मध्य रेल ने बिना टिकट यात्रियों से 71 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला

    07-Mar-2026
Total Views |
bdnfgb

 मुंबई, 6 मार्च (वि.प्र.)

मध्य रेल के मुंबई मंडल ने ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है. वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल 2025 से फरवरी 2026) के दौरान टिकट जांच टीमों ने उपनगरीय, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में अनियमित यात्रा के कुल 16.16 लाख मामले पकड़े. इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 71.31 करोड़ की भारी राशि वसूली गई है. पिछले वर्ष की तुलना में मामलों की संख्या में 2% और वसूली गई राशि में 4% की वृद्धि दर्ज की गई है. रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई द्वितीय श्रेणी के डिब्बों में हुई, जहाँ 11.68 लाख मामलों से 58.60 करोड़ वसूले गए्‌‍. वहीं, प्रथम श्रेणी में 1.46 लाख मामलों से 4.66 करोड़ का जुर्माना लिया गया. बिना बुक किए गए सामान के 1.40 लाख मामले सामने आए, जिनसे 1.56 करोड़ की वसूली हुई्‌‍. एसी लोकल ट्रेनों में भी विशेष अभियान के जरिए इस वर्ष 3.51 करोड़ का जुर्माना वसूला गया, जो पिछले साल के मुकाबले 18% अधिक है. वर्तमान में मध्य रेल 94 एसी लोकल चला रहा है, जिसमें हार्बर लाइन पर शुरू की गई 14 नई ट्रेनें भी शामिल है. एसी ट्रेनों में प्रतिदिन औसतन 401 यात्री बिना उचित टिकट के पकड़े जा रहे है.  
 
फरवरी 2026 की रिपोर्ट और रेलवे की अपील

अकेले फरवरी 2026 के महीने में रेलवे ने 1.65 लाख मामले पकड़े और 8.58 करोड़ का राजस्व जुटाया. इसमें मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में अंतर के 16,359 मामले भी शामिल थे. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस सघन जांच का उद्देश्य न केवल राजस्व की रक्षा करना है, बल्कि वैध टिकट लेकर चलने वाले यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर सुनिश्चित कराना भी है.