पुणे, 6 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) समाज की एकता, नारी सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अवध राजपूत विकास संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रंगोत्सव होली मिलन समारोह एवं सम्मेलन का आयोजन रविवार (8 मार्च 2026) को पुणे में किया जा रहा है. यह भव्य कार्यक्रम राजीव गांधी ई-लर्निंग स्कूल, शिवदर्शन, पर्वती (स्वारगेट मेट्रो स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूरी) पर आयोजित होगा. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:00 बजे से होगी. कार्यक्रम में संगीतमय प्रस्तुति, सम्मानित माताओं द्वारा दीप प्रज्वलन, मुख्य अतिथि बीके नलिनी जी (मुख्य प्रशासिका, मीरा सोसायटी) का प्रेरणादायी संबोधन, सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति तथा संस्था के कार्यों की जानकारी दी जाएगी. इसके साथ ही वैवाहिक परिचय सम्मेलन (वर-वधू मिलन) और सदस्यों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों के लिए स्वरुचि भोज की विशेष व्यवस्था रखी गई है. संघ के पदाधिकारियों ने समाज के सभी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाएं. संस्था के प्रवक्ता रामनाथ सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने, नारी शक्ति के सम्मान को सुदृढ़ करने तथा युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए एक सार्थक पहल है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच समाज में सहयोग, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं.