सूचना और प्रौद्योगिकी आधुनिक व्यापार की नींव : नितिन गड़करी

दि पूना मर्चेंट्स चेंबर द्वारा स्व. उत्तमचंदजी उर्फ बाबा पोकर्णा की स्मृति में आयोजित पुरस्कार समारोह" में केन्द्रीय मंत्री ने कहा

    08-Mar-2026
Total Views |

 bgdnbg
पुणे, 7 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

सूचना और प्रौद्योगिकी के इस युग में व्यापार के आयाम तेजी से बदल रहे हैं. यदि व्यापारी समय की मांग को पहचानते हुए अपनी व्यापार पद्धति में आवश्यक बदलाव करें, तो व्यापार में और अधिक वृद्धि संभव है. यह विचार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने व्यक्त किए. दि पूना मर्चेंट्स चेंबर की ओर से व्यापार महर्षि स्व. उत्तमचंदजी उर्फ बाबा पोकर्णा की स्मृति में आयोजित ‌‘आदर्श व्यापारी ‌‘उत्तम पुरस्कार' समारोह' में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उन्होंने यह बात कही. पुरस्कारों का वितरण उनके हाथों किया गया. बालगंधर्व रंगमंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच पर सहकार और नागरी विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोश्रर, पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे, दि पूना मर्चेंट्स चेंबर के अध्यक्ष राजेंद्र बाठिया, उपाध्यक्ष अजित बोरा, सचिव ईेशर नहार, सहसचिव आशीष दुगड़ तथा पूर्व अध्यक्ष रायकुमार नहार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. इस अवसर पर राज्यस्तरीय पुरस्कार नागपुर के पगारिया ग्रुप के चेयरमैन उज्ज्वल पगारिया को, जिलास्तरीय पुरस्कार चितले उद्योग समूह (पुणे) के संजय उर्फ गोविंद चितले को, पुणे शहरस्तरीय पुरस्कार रेनबो हाउसिंग (पुणे) के सुनील नहार को प्रदान किया गया. इसी प्रकार दि पूना मर्चेंट्स चेंबर सभासद पुरस्कार मे. नवीन पेढ़ी (पुणे) के जयभगवान गोयल को, युवा सभासद पुरस्कार मे. विरल इंटरनेशनल, पुणे के विरल पटेल को तथा दैनिक लोकसत्ता के राहुल खलदकर को कै. वी. एल. गवाड़िया आदर्श पत्रकार पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर नितिन गड़करी ने कहा कि कोई भी व्यवसाय एक रात में खड़ा नहीं होता. उसके पीछे कई पीढ़ियों का योगदान, त्याग और समर्पण होता है. व्यापारी अपने जीवन में सफलता- असफलता, मान-सम्मान और अपमान के उतार-चढ़ाव के बीच आगे बढ़ता है. अतीत के अनुभवों से सीख लेकर ही वह सफल भविष्य की ओर कदम बढ़ाता है. उन्होंने कहा कि केवल पारिवारिक पृष्ठभूमि के कारण कोई व्यापारी नहीं बन जाता, क्योंकि व्यापार एक मूल प्रवृत्ति है. जब यह प्रवृत्ति व्यक्ति के स्वभाव में बस जाती है, तभी वह व्यापार का विस्तार कर सकता है. हर व्यवसायी को ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा जैसे मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए्‌‍. सही समय पर सही निर्णय लेना और साहसपूर्वक उसे निभाना ही एक सफल व्यापारी की पहचान है. गड़करी ने कहा कि व्यापार केवल संपत्ति ही नहीं बनाता, बल्कि रोजगार भी पैदा करता है. रोजगार बढ़ने से बेरोजगारों को काम मिलता है और गरीबी भी कम होती है. उन्होंने बताया कि पुणे शहर में अपार क्षमता है और इस क्षमता को बढ़ावा देने के लिए शहर के चारों ओर रिंग रोड का जाल विकसित किया जा रहा है. इसके माध्यम से पुणे में बड़ी मात्रा में निवेश आएगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए शहर का सतत विकास संभव होगा. इस अवसर पर मुरलीधर मोहोल और मंजूषा नागपुरे ने भी अपने विचार व्यक्त किए्‌‍. कार्यक्रम में दि पूना मर्चेंट्स चेंबर के सचिव ईेशर नहार ने अतिथियों का स्वागत किया. अध्यक्ष राजेंद्र बाठिया ने प्रास्ताविक रखा, रत्ना दहिवलकर ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा सहसचिव आशीष दुगड़ ने आभार व्यक्त किया.