मुंबई, 31 मार्च (वि.प्र.) पश्चिम रेलवे ने 30 मार्च, 2026 को मुंबई सेंट्रल मंडल के अंतर्गत गंगाधरा में रेलवे भूमि पर अपने पहले ग्रीनफील्ड गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी ) का सफलतापूर्वक शुभारंभ कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. इस टर्मिनल का उद्घाटन पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने इस अवसर पर पहली कंटेनर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर परिचालन का शुभारंभ भी किया. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस टर्मिनल का विकास मेसर्स प्रिस्टीन कनेरिया लॉजिस्टिक्स पार्क प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है और इसे मात्र 8 महीनों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है, जो भारतीय रेल पर अब तक का सबसे तेजी से निर्मित गति शक्ति कार्गो टर्मिनल है. यह अत्याधुनिक टर्मिनल लगभग 44,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला पूर्णतः रेलवे भूमि पर विकसित किया गया है और सूरत के औद्योगिक क्षेत्र की बढ़ती लॉजिस्टिक्स आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार है. यह टर्मिनल स्टील, वस्त्र, सीमेंट, फ्लाई ऐश, रसायन तथा उर्वरक सहित विभिन्न प्रकार की वस्तुओं के प्रबंधन में सक्षम होगा, जिससे माल लदान में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा ग्राहकों को कुशल और प्रभावी लॉजिस्टिक्स सेवाएं प्राप्त होंगी. इस टर्मिनल के शुरू होने से पश्चिम रेलवे के माल परिवहन क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है. सड़क से रेल की ओर निर्बाध परिवहन को प्रोत्साहित करते हुए यह टर्मिनल सड़क यातायात में कमी लाएगा, कार्बन उत्सर्जन घटाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देगा. साथ ही, मालगाड़ियों के तेज आवागमन और त्वरित टर्नअराउंड से परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, जिससे माल एवं यात्री दोनों सेवाओं के लिए एक सुदृढ़ और उच्च गति वाले रेल नेटवर्क के विकास को बल मिलेगा. पश्चिम रेलवे की अवसंरचना विकास, ग्राहक-केंद्रित सेवाओं तथा भारत सरकार के गति शक्ति विजन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. पश्चिम रेलवे के माध्यम से सतत, कुशल एवं भविष्य के अनुरूप परिवहन समाधान प्रदान करते है.