पुणे, 31 मार्च (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) राम नवमी के पावन अवसर पर 26 मार्च को महाराजा अग्रसेन मित्र परिवार (MA MP), पुणे द्वारा टिंगरेनगर स्थित के. के. मंगल लॉन में श्री राम कथा एवं श्री खाटू श्याम बाबा के भव्य कीर्तन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालुओं ने भक्तिमय माहौल का आनंद उठाया. कार्यक्रम स्थल को केसरिया और भगवा रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ. पुणे के अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत खाटू श्याम बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलन और आरती से हुई. इसके बाद पंडित जितेश शर्मा ने भावपूर्ण श्री राम कथा का वाचन किया. कथा के दौरान श्री राम जन्म, विवाह, वनवास, सीताहरण, हनुमान मिलन, शबरी प्रसंग और राम-रावण युद्ध जैसे प्रसंगों को सुंदर झांकियों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया गया. समापन भगवान श्री राम के राजतिलक के साथ हुआ. अंत में श्री राम, खाटू श्याम बाबा और महाराजा अग्रसेन की आरती के साथ भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद और भोजन वितरित किया गया. आयोजन में सहयोग देने वाले दानदाताओं को सम्मान भी किया गया. MA MP की ओर से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया.