महाराष्ट्र में औद्याेगिक क्रांति और आधुनिक बुनियादी ढांचे काे एक नई दिशा देते हुए वियतनाम की दिग्गज कंपनी विन ग्रुप ने राज्य में लगभग 8.5 अरब अमेरिकी डाॅलर (करीब 71,000 कराेड़ रुपये) के निवेश का प्रस्ताव रखा है. इस महत्वाकांक्षी परियाेजना के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में विन ग्रुप और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के बीच एक महत्वपूर्ण समझाैता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.यह निवेश मुख्य रूप से सतत शहरी विकास, इलेक्ट्रिक माेबिलिटी, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्राें में किया जाएगा. इस समझाैते के तहत अगले दाे वर्षाें में लगभग 5,000 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न परियाेजनाएं स्थापित की जाएंगी. इसमें सबसे प्रमुख आकर्षण 2,700 एकड़ में फैली एक विश्व स्तरीय स्मार्ट आवासीय टाउनशिप का निर्माण है, जिसमें लगभग दाे लाख लाेगाें के रहने की व्यवस्था हाेगी. इस पूरी परियाेजना से राज्य में प्रत्यक्ष रूप से लगभग 24,700 नए राेजगार सृजित हाेने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह निवेश मुंबई और रायगढ़ क्षेत्र काे वैश्विक स्तर पर एक गतिशील शहरी केंद्र के रूप में स्थापित करेगा.