सालासर हनुमान मित्र मंडल का 9वां वार्षिक महोत्सव संपन्न

हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति के रंग में डूबे श्रद्धालु : भक्तों ने लिया दर्शन का लाभ

    11-Apr-2026
Total Views |
 
bgn
 
चिंचवड़, 10 अप्रैल (आ.प्र.)

 चिंचवड़ स्थित वाल्हेकरवाड़ी परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला. यहां श्री सालासर हनुमान मित्र मंडल (पुणे) द्वारा आयोजित 9वें वार्षिक महोत्सव और हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन बेहद धूमधाम से संपन्न हुआ. आहेर गार्डन मंगल कार्यालय में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा, जिसमें लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री हनुमान जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया. महोत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य भजन संध्या रही. नोएडा से आईं देश की विख्यात भजन गायिका प्रियंका चौधरी और सुप्रसिद्ध कलाकार भावना स्वरांजलि ने अपनी सुमधुर आवाज और मनमोहक भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया. कलाकारों ने जैसे ही सालासर दरबार और हनुमान जी की महिमा का गुणगान शुरू किया, उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमने लगे. इस महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए विधायक महेश लांडगे, विधायक अन्ना बनसोड़े, सांसद श्रीरंग बारणे एवं नगरसेवकों ने उपस्थिति दर्शायी. इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री सालासर हनुमान मित्र मंडल (पुणे) की पूरी टीम ने पिछले कई दिनों से मोर्चा संभाला हुआ था. मंडल के अध्यक्ष दलबीर चौधरी, उपाध्यक्ष बिजेंद्र चौधरी, कोषाध्यक्ष सत्यवान साहू और सचिव रमेश मील ने आयोजन की कमान संभाली. कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्यों ने विशेष परिश्रम किया, जिसकी सराहना पूरे परिसर में हो रही है. आयोजन स्थल को फूलों और बिजली की आकर्षक लड़ियों से सजाया गया था. दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं. कार्यक्रम के अंत में मंडल द्वारा महाप्रसाद का भी वितरण किया गया. स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता और धार्मिक चेतना का प्रसार होता है.