महिलाओं को आरक्षण देना महात्मा फुले को सच्ची श्रद्धांजलि

खानवड़ी में ज्योति-सावित्री जिला परिषद स्कूल के उद्घाटन अवसर पर सीएम फडणवीस ने कहा

    12-Apr-2026
Total Views |


mht,m

 पुणे, 11 अप्रैल (आ.प्र.)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय महात्मा ज्योतिबा फुले के स्त्री शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के विचारों के अनुरूप है और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है. यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही. महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के अवसर पर उनके पैतृक गांव खानवड़ी, तहसील पुरंदर में पुणे जिला परिषद द्वारा निर्मित ‌‘ज्योति-सावित्री जिला परिषद स्कूल‌’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री के हाथों किया गया. इस अवसर पर कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महात्मा फुले के पैतृक गांव में स्थापित यह अत्याधुनिक विद्यालय द्विशताब्दी वर्ष की सबसे उपयुक्त शुरुआत है. यह राज्य की पहली जिला परिषद स्कूल है, जो पहली से बारहवीं तक सीबीएसई पद्धति पर आधारित है. इससे ग्रामीण छात्रों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्राप्त होगी. उन्होंने बताया कि इस स्कूल के विद्यार्थियों में वैेिशक स्तर पर आगे बढ़ने की क्षमता विकसित हो रही है और कुछ छात्राएं इसरो और नासा जैसे संस्थानों तक पहुंच चुकी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी अब फ्रेंच और जर्मन जैसी विदेशी भाषाएं सीख रहे हैं, जो बदलती शिक्षा व्यवस्था का संकेत है. 
 
महात्मा फुले के नाम पर कौशल विकास के केंद्र स्थापित होंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‌‘इंडस्ट्री 4.0‌’ के तहत 100 स्कूलों में 100 आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं. इसके साथ ही कौशल विकास विभाग के माध्यम से महात्मा फुले के नाम पर कौशल प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है और भविष्य में ऐसे एक हजार केंद्र स्थापित किए जाएंगे. कार्यक्रम में उपस्थित मंत्रियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महात्मा फुले तथा सावित्रीबाई फुले के शिक्षा एवं समाज सुधार के कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया. जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल ने प्रस्तावना में शैक्षणिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.