बाणेर, 12 अप्रैल (आ. प्र.) सूसगांव के ग्रामदैवत श्री कालभैरवनाथ उत्सव के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था. इस दौरान आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में जयदीप पाटिल विजयी रहे. उत्सव के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ कुश्तियां और किरण कुमार ढवलीकर का लोकनाट्य भी संपन्न हुआ. कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन नगरसेवक बाबूराव चांदेरे के शुभ हस्तों से किया गया. इस प्रतियोगिता में 250 पहलवानों ने भाग लिया था. साथ ही महिलाओं के वर्ग में भी 12 महिला पहलवानों ने भागीदारी की थी. इस प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष तथा नगरसेवक बाबूराव चांदेरे, नगरसेवक अमोल बालवड़कर, अनंत नागरी सहकारी पतसंस्था के संस्थापक अध्यक्ष तथा निशिगंध लांस के संस्थापक अध्यक्ष शिवाजीराव काले की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस प्रतियोगिता में कुल लगभग 12 लाख रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए. भैरवनाथ केसरी का खिताब जीतने वाले जयदीप पाटिल को स्वर्गीय मुरलीधर चांदेरे की स्मृति में सचिन चांदेरे, निलेश चांदेरे और किशोर चांदेरे की ओर से चांदी की गदा प्रदान की गई.