पुणे, 13 अप्रैल (आ. प्र.)
शहर के प्रतिष्ठित और सक्रिय युवा संगठन अग्रवाल यूथ क्लब ( एवाईसी) का इंस्टॉलेशन समारोह 10 अप्रैल की शाम कोरेगांव पार्क स्थित ‘बराक्का क्लब’ में अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. एकता, मित्रता और सामाजिक उत्कृष्टता के 28 गौरवशाली वर्ष पूरे करने वाले इस संगठन ने एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान और प्रभावशाली उपस्थिति का परिचय दिया. कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई. इसके बाद नव-निर्वाचित कार्यकारिणी समिति का अनोखे ‘धुरंधर स्टाइल’ में शानदार परिचय कराया गया, जिसने उपस्थित सदस्यों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस दौरान वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की अधिकारिक घोषणा की गई. कार्यक्रम में जिन सदस्यों का परिचय कराया गया, उनमें सूरज गोयल, प्रशांत अग्रवाल, प्रतीक गुप्ता, संजय अग्रवाल, प्रीतम गोयल (संस्थापक), कुणाल तोडी, (अध्यक्ष), शरद अग्रवाल (सचिव), नीलेश अग्रवाल (संयुक्त सचिव), निरंजन मित्तल, राकेश सुरेखा, सागर अग्रवाल और नवीन गोयल शामिल थे. इसके अलावा अन्य प्रमुख सदस्यों में पवन मित्तल (कोषाध्यक्ष), नितिन केडिया, विकास गोयल और विनय मित्तल भी उपस्थित थे.
आकर्षक सजावट से यादगार बन गया समारोह
समारोह को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजन कार्यक्रमों और नेटवर्किंग के अवसरों ने और भी खास बना दिया. फॉरेस्ट थीम पर आधारित आकर्षक सजावट ने कार्यक्रम को एक अलग ही भव्यता प्रदान की. इस सजावट का खूबसूरत संयोजन तुलिका कुणाल तोड़ी के मार्गदर्शन में किया गया. पूरे कार्यक्रम का संचालन अंकिता शरद अग्रवाल और शिखा संकल्प गोयल ने बेहद सलीके और आकर्षक अंदाज में किया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई. यह आयोजन सभी उपस्थित लोगों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव बन गया.
आपसी सहयोग और प्रोफेशनल ग्रोथ पर विशेष ध्यान रहेगा : कुणाल तोडी
नवनियुक्त अध्यक्ष कुणाल तोडी ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘लिव द ड्रीम’ की घोषणा की गई. उन्होंने बताया कि आने वाले वर्ष में क्लब मनोरंजन, बिजनेस नेटवर्किंग, आपसी सहयोग और प्रोफेशनल ग्रोथ पर विशेष ध्यान देगा, जिससे सदस्य एक-दूसरे के साथ मिलकर सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें.
पूरी टीम निष्ठा और समर्पण से काम करेगी : शरद अग्रवाल
सचिव शरद अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को नई दिशा देने के लिए नवाचार, एकजुटता और सार्थक गतिविधियों पर जोर दिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करेगी.
क्लब नई ऊंचाइयों को छुएगा मुझे पूरा विश्वास है :प्रीतम गोयल
क्लब के संस्थापक प्रीतम गोयल ने अपने संबोधन में एवाईसी की 28 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा को याद करते हुए कहा कि इस संगठन की स्थापना एक ऐसे मंच के रूप में की गई थी, जो युवाओं और उद्यमियों को एक साथ लाकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करे. उन्होंने कहा कि आज यह सपना साकार हो चुका है और एवाईसी एक सशक्त एवं प्रभावशाली नेटवर्क के रूप में स्थापित हो चुका है. उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए वेिशास जताया कि क्लब आने वाले वर्षों में और अधिक ऊंचाइयों को छुएगा.