पुणे के म्हालुंगे स्थित एक प्लास्टिक कंपनी में काम के दाैरान सहकर्मियाें के बीच हुई मामूली बहस खूनी संघर्ष में बदल गई. शिफ्ट बदलने के समय हुए विवाद के बाद एक कर्मचारी ने अपने ही सहकर्मी के सिर पर लाेहे की राॅड से हमला कर दिया. इस हमले में पीड़ित मजदूर गंभीर रूप से घायल हाे गया है और उसके सिर में 8 टांके आए हैं. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार (11 अप्रैल) शाम करीब 7:00 बजे खराबवाड़ी स्थित एडवांस प्लास्टिक कंपनी में हुई. इस संबंध में घायल श्रमिक रामानंद कुमार (उम्र-33 वर्ष, निवासी- निघाेजे) ने रविवार (12 अप्रैल) काे उत्तर म्हालुंगे पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है.
पुलिस रिपाेर्ट के मुताबिक, शनिवार शाम काे जब कंपनी में शिफ्ट बदली जा रही थी, तब काम से जुड़ी किसी बात काे लेकर रामानंद कुमार और आराेपी अजय कुमार निशांत (उम्र-24 वर्ष, निवासीखराबवाड़ी) के बीच कहासुनी हाे गई. बहस के दाैरान अजय कुमार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने पास ही स्थित माेल्डिंग मशीन के बगल में रखी एक लाेहे की भारी राॅड उठाई और रामानंद के सिर पर दे मारी.इस हमले के बाद रामानंद लहूलुहान हाेकर गिर पड़े. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टराें काे उनके गहरे जख्म काे भरने के लिए 8 टांके लगाने पड़े. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. उत्तर म्हालुंगे पुलिस ने आराेपी अजय कुमार निशांत के खिलाफ मारपीट और गंभीर चाेट पहुंचाने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.