संगीत जगत की महान गायिका आशा भाेसले का साेमवार काे मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. बेटे आनंद भाेसले ने मुखाग्नि दी. इससे पहले अपनी चहेती गायिका काे आखिरी विदाई देने के लिए शिवाजी पार्क में प्रशंसकाें का सैलाब उमड़ पड़ा. इस भावुक क्षण में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दाेनाें उपमुख्यमंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलाें के नेताओं और बाॅलीवुड के दिग्गजाें ने नम आंखाें से अपनी प्रिय आशा ताई काे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
भारतीय संगीत जगत की अनमाेल रत्न और दिग्गज गायिका आशा भाेसले का साेमवार, 13 अप्रैल, 2026 काे शाम 5:18 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.92 वर्ष की आयु में संगीत के एक युग का अंत हाे गया.
उनके बेटे आनंद भाेसले ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं. आठ दशकाें से अधिक समय तक अपनी आवाज से कराेड़ाें दिलाें पर राज करने वाली आशा ताई काे विदा करने के लिए हजाराें प्रशंसकाें का हुजूम उमड़ पड़ा.रविवार शाम काे उनके पार्थिव शरीर काे दक्षिण मुंबई स्थित उनके आवास कासा ग्रांडे ले जाया गया, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, संस्कृति मंत्री आशीष शेलार और अन्य गणमान्य व्यक्तियाें ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.अंतिम संस्कार के समय सिनेमा, खेल और राजनीति जगत की तमाम बड़ी हस्तियां माैजूद रहीं. सचिन तेंडुलकर, एआर रहमान, आमिर खान, विक्की काैशल, रणवीर सिंह, जैकी श्राॅफ और रितेश देशमुख जैसी हस्तियाें ने श्मशानघाट पहुंचकर शाेक व्यक्त किया. संगीतकार अनूप जलाेटा, शान और सुदेश भाेसले ने उनके लाेकप्रिय गीताें काे गुनगुनाकर उन्हें संगीतमय विदाई दी. विद्या बालन, हेलेन और जावेद अख्तर सहित कई कलाकाराें ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख जताया. आशा भाेसले का निधन रविवार काे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था.