मुंबई, 14 अप्रैल (वि.प्र.) मीरा-भायंदर नागरिक संस्था के 37वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस अवसर पर देश के विख्यात हास्य कवि सुदीप भोला को प्रतिष्ठित श्याम ज्वालामुखी सम्मान से नवाजा गया. संस्था के संयोजक गजेंद्र भंडारी ने बताया कि यह संस्था पिछले 37 वर्षों से निरंतर कवि सम्मेलनों का सफल आयोजन करती आ रही है. इस सम्मान के अंतर्गत प्रतिवर्ष देश के किसी प्रख्यात हास्य कवि को 31 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाता है. सुदीप भोला से पूर्व यह सम्मान सुरेंद्र शर्मा, घनश्याम अग्रवाल, आशकरण अटल और सुभाष काबरा जैसे दिग्गज कवियों को दिया जा चुका है. समारोह में संरक्षक एड. रवि व्यास, मुख्य अतिथि महेश अग्रवाल, समारोह अध्यक्ष ओमप्रकाश झाझुका, श्यामसुंदर अग्रवाल, राजेंद्र होलानी और सुरेश खंडेलवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. कार्यक्रम की सफलता में संस्थापक ओमप्रकाश कावड़िया, अध्यक्ष मनोज खेमका, ओमप्रकाश महर्षि, मनोज पचलंगिया, सुरेश दाधीच, राकेश मिश्रा, मनमोहन सर्राफ, श्यामसुंदर शर्मा और अभिषेक तिवाड़ी का विशेष योगदान रहा. गजेंद्र भंडारी के अनुसार, सम्मेलन में सुदीप भोला के साथ राजेंद्र मालवीय, हरीश हिंदुस्तानी, राणा तबस्सुम तथा लाफ्टर फेम राजीव निगम व सुनील पाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से वहाँ उपस्थित हजारों दर्शकों को हंसाया.