चाकण, 15 अप्रैल (आ.प्र.) कृषि उत्पन्न बाजार समिति के चाकण मार्केट परिसर में रत्नागिरि और देवगढ़ से बड़ी संख्या में आम आने लगे हैं और इस वर्ष आम की कीमतें 700 से 900 रुपये प्रति दर्जन के बीच हैं. ग्राहकों का रिस्पांस भी संतोषजनक है. व्यापारी और किसान कह रहे हैं कि प्रतिवर्ष की तुलना में इस वर्ष आम का उत्पादन काफी कम हुआ है. मौसम में बदलाव बेमौसम बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव ने आम के उत्पादन पर असर डाला है. नतीजतन बाजार में आवक कम है, लेकिन मांग अभी भी बनी हुई है, इसलिए कीमतें स्थिर हैं. इसके अलावा आम के निर्यात पर रोक और कुछ देशों द्वारा निर्यात प्रतिबंध का सीधा असर स्थानीय बाजार पर पड़ रहा है. चूंकि जो आम पहले बड़ी मात्रा में विदेश निर्यात किए जाते थे, वे इस वर्ष घरेलू बाजार में बिक रहे हैं, इसलिए स्थानीय बाजार में होड़ (स्पर्धा) बढ़ गई है.